फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक क्लिक में वाराणसी की बड़ी खबरें : शारीरिक शोषण के आरोप में CISF के सिपाही पर FIR, दालमंडी पहुंचे CP

Fri, 27 Dec 2024 10:52 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News : वाराणसी के रहने वाले सीआईएसएफ के सिपाही के खिलाफ अलीगढ़ की युवती ने आरोप लगाए हैं। कहा कि बीते चार माह में उसने अलग-अलग होटर में बुलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे। वहीं, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने दालमंडी से काशी विश्वनाथ धाम तक पैदल गश्त किया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी में आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाते हुए युवती ने सीआईएसएफ के सिपाही वाराणसी निवासी चंद्रभान आर्य के खिलाफ 24 दिसंबर को कैसरबाग थाने में केस दर्ज कराया है।अलीगंज निवासी युवती के अनुसार सालभर पहले सोशल मीडिया एप के जरिये चंद्रभान से दोस्ती हुई थी। उसने पहले उन्हें प्यार के जाल में फंसाया और फिर शादी का झांसा दिया। पांच व 25 अगस्त और 9 व 10 नवंबर को कैसरबाग में अलग-अलग होटल में बुलाकर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए। 

विज्ञापन


कुछ दिन पहले आरोपी ने बातचीत बंद कर दी। 12 नवंबर को युवती ने आरोपी के घर पहुंच कर शादी की बात कही तो उसके पिता ने धमकी देते हुए भगा दिया। इसके बावजूद आरोपी ने जल्द शादी का आश्वासन देकर वापस लखनऊ भेज दिया।  इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह का कहना है कि पीड़िता का जल्द ही मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराया जाएगा। 

दालमंडी में गश्त के दाैरान मातहतों से बातचीत करते सीपी मोहित अग्रवाल। - फोटो : अमर उजाला
दालमंडी से विश्वनाथ धाम तक पुलिस आयुक्त ने की पैदल गश्त
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बीती रात दालमंडी से लेकर श्री काशी विश्वनाथ धाम तक पैदल गश्त की। उन्होंने मौजूद पुलिस कर्मियों को कहा कि अतिक्रमण पर विशेष रूप से रोजाना ध्यान देकर हटवाएं। कहीं भी किसी तरह की कोई अवैध गतिविधि संचालित न होने पाए।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि वर्ष 2024 की समाप्ति और छुट्टियों के कारण काशी में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ी है। ऐसे में विशेष रूप से यह ध्यान दिया जाए कि विश्वनाथ धाम सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों में आमजन को सुगम दर्शन में दिक्कत न आए। प्रमुख मार्गों और बाजारों में अतिक्रमण और बेतरतीब तरीके से खड़े होने वाले वाहनों की पार्किंग के लिए चेतावनी देकर कार्रवाई की जाए। 

बकाया बिजली बिल वसूलने गई टीम से मारपीट
कुसमुरा गांव में बकाया बिजली बिल वसूलने गई टीम के साथ मारपीट की गई। अवर अभियंता सहित विद्युत कर्मियों ने स्थानीय थाने में जाहिद और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। विद्युत उपकेंद्र कुड़ी के अवर अभियंता सर्वेश कुमार बिंद के नेतृत्व में टीम कुसमुरा गांव में कैंप लगाकर बकाया राजस्व की वसूली कर रही थी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। 

रामनगर में आर्मी के जवान समेत दो घरों में चोरी
24 घंटे के अंदर चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। बुधवार रात बीएचयू के ब्लड बैंक के कर्मचारी के घर से सामान समेट ले गए, वहीं बृहस्पतिवार की दोपहर डोमरी स्थित फरीदकोट पंजाब में तैनात आर्मी जवान के घर का ताला तोड़कर चोरी की। पीड़ितों ने रामनगर पुलिस को तहरीर दे है। उधर, चोलापुर क्षेत्र के गोला ग्राम स्थित मकान का ताला तोड़कर चोर लाखों का सामान उठा ले गए। गोला निवासी जितेंद्र बहादुर सिंह ने चोलापुर थाने में तहरीर दी।  

चार लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज
प्रदीप कुमार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। सिकरौल शिवपुर निवासी प्रदीप ने बताया कि बीती रात ड्यूटी से घर लौटते समय चार लोगों ने पिटाई की। शिवपुर थाना प्रभारी उदय वीर सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

कार चालक गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
शाहपुर गांव के पास वाराणसी गाजीपुर हाईवे पर बीती रात सड़क हादसे में नाथू राजभर की मौत हो गई थी। हादसे में दो व्यक्ति घायल हो गए थे। ग्रामीणों ने कार चालक की गिरफ्तारी के लिए डेढ़ घंटे हाईवे जाम कर पुलिस पर पथराव किया था। पुलिस ने बृहस्पतिवार को कार चालक आर्यमन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। 

होटल में गालीगलौज कर की मारपीट
बड़ागांव के मीरापुर बसही निवासी अमित सिंह ने आठ लोगों के खिलाफ बड़ागांव थाने में गालीगलौज और मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि बीती रात वह अपने परिवार के साथ बड़ागांव क्षेत्र के एक होटल में खाना खाने गए थे। उसी दौरान कुछ लोग होटल के गार्ड से गालीगलौज कर रहे थे। उन्होंने गालीगलौज करने वालों को टोंका। इस पर अमन सिंह उर्फ सानू, सत्य प्रकाश सिंह जुगनू, अनूप सिंह और पांच अज्ञात लोगों ने उन्हें मारापीटा। 

दिव्यांग को पीटने का आरोप लगा कर रोकी कार
चक्रपानपुर बरमपर बस्ती में एक कार सवार दो दरोगा द्वारा एक दिव्यांग किशोर की अकारण पिटाई करने का आरोप लगाते हुए परिजन और ग्रामीण नाराज हो गए। सभी ने कार रोक कर विरोध करते हुए पिटाई का कारण पूछा। ग्रामीणों का कहना था कि खजुरी पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर बाइक सवार बदमाश दो महिलाओं से आभूषण और नकदी भरा बैग छीन कर भाग निकले थे। पुलिस को अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इसी वजह से पुलिस बौखलाई है। ग्रामीणों ने घटना की शिकायत उच्चाधिकारियों से करने की बात कही है। 

लोन दिलाने के नाम पर ठग लिए 21 हजार रुपये
बेटी की शादी के लिए बैंक से लोन दिलाने के नाम पर पुरानापुल इलाके की एक महिला से एक जालसाज 21 हजार रुपये ठग लिया। महिला ने कार्रवाई के लिए सारनाथ थाने में तहरीर दी है। सारनाथ थाना क्षेत्र के पुरानापुल के छपाई वाली गली की रहने वाली राबिया देवी बैग सिलाई का काम कर जीविकोपार्जन करती है। उसकी पुत्री की शादी अप्रैल माह में होनी है।

इसकी वजह से वह पैसे के लिए परेशान थी। आरोप है कि राबिया देवी से पंचक्रोशी सब्जी मंडी के रहने वाले एक व्यक्ति ने बैंक से तीन लाख रुपये लोन दिलाने के नाम पर 21940 रुपया ले लिए। पैसा मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। 

शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण किया
बैरवन, गंगापुर निवासी राहुल पटेल को रोहनिया थाने की पुलिस ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, राहुल की क्षेत्र की एक युवती से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई। नजदीकी बढ़ी तो दोनों एक-दूसरे से प्यार करने लगे। 

युवक ने शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण किया। युवती जब शादी की बात करती तो राहुल टालमटोल करता था। युवती शादी करने की जिद करने लगी तो राहुल मुकर गया। साथ ही, उसने युवती और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी। गत 16 दिसंबर को युवती की तहरीर पर रोहनिया थाने की पुलिस ने राहुल पटेल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

महिला को घर से निकालने के मामले में केस 
साक्षी शर्मा की शिकायत पर भेलूपुर पुलिस ने पति, सास, ससुर, मौसी की बेटी के खिलाफ केस दर्ज किया गया। भेलूपुर के रानीपुर महमूरगंज इलाके की साक्षी ने बताया कि उसकी शादी 7 दिसंबर 2021 को सृजन शर्मा के साथ हुई थी। सृजन शर्मा मारपीट कर घर से निकाल दिया। प्रभारी निरीक्षक विजय मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

अतिक्रमण हटाने पहुंचे पुलिस कर्मियों से बदसलूकी 
भेलूपुर थाना क्षेत्र के गुरुधाम इलाके में बीती रात अतिक्रमण हटाने गए पुलिस कर्मियों के साथ बदसलूकी की गई। पुलिस ने दो भाइयों को हिरासत में लिया है। गुरुधाम क्षेत्र के राम मंदिर तिराहा के पास दुर्गाकुंड चौकी प्रभारी प्रशांत शिवहरे पुलिस फोर्स के साथ गए थे। दो भाई अपने मोमो की दुकान पर मौजूद थे। 

पुलिस कर्मियों ने जब उनसे अतिक्रमण हटाने के लिए कहा तो दोनों आक्रोशित होकर दुकान का सामान फेकने के साथ ही गालीगलौज और धक्का-मुक्की करने लगे। कहासुनी के दौरान रास्ते से गुजर रहे लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने बदसलूकी करने के आरोप में दोनों भाइयों को हिरासत में लेकर भेलूपुर थाने भिजवाया।

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना युवाओं के सपने करेगी साकार 
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत मंडलीय कार्यशाला आयुक्त ऑडिटोरियम में हुई। मुख्य अतिथि डीएम एस राजलिंगम ने कहा कि नये उद्यम स्थापित करने के लिए महत्वपूर्ण पहल है। यह योजना युवाओं के सपनों को साकार करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान का अवसर देती है। भारत का विशाल बाजार युवाओं के आर्थिक प्रगति का सुनहरा अवसर प्रदान करता है।

विशिष्ट अतिथि सीडीओ हिमांशु नागपाल ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं को योजना की बारीकियों से अवगत कराना और उन्हें उद्यमिता के लिए प्रेरित करना है। हम युवाओं को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। संयुक्त आयुक्त उद्योग उमेश कुमार सिंह ने बताया कि 21 से 40 वर्ष तक के न्यूनतम 8वीं उत्तीर्ण और मान्यता प्राप्त कौशल प्रशिक्षण प्राप्त युवा योजना में आवेदन कर सकते हैं। 

कैंट विधायक ने सुनीं समस्याएं
कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने महमूरगंज स्थित शिवाजी नगर उद्यान में जनसुनवाई की। इसमें क्षेत्रीय नागरिकों ने अपनी समस्याएं बताईं। विधायक ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया और संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश जारी किए। जनसुनवाई के दौरान सड़क, पेयजल, चिकित्सा सहायता और सीवर जैसी प्रमुख समस्याएं रहीं। इस दौरान अभिषेक और वैभव उपस्थित रहे। 

डॉ. आंबेडकर पर झूठ बोल रहे भाजपा नेता : अजय राय
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि डॉ. आंबेडकर पर देश के गृहमंत्री ने गलतबयानी की, लेकिन खेद नहीं जताया। अब भाजपा नेता, प्रधानमंत्री, प्रदेश के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री झूठ बोल रहे हैं। प्रदेश ने गुरुवार को बयान जारी करके कहा कि कांग्रेस पार्टी ने डॉ आंबेडकर को स्वतंत्रता का संविधान रचने के युग दायित्व से जोड़ा है। जब पं. नेहरू ने विपक्ष से जुड़े बाबा साहब को अध्यक्ष बनाने की घोषणा की, तो औरों के साथ स्वयं आंबेडकर चौंक गए थे। इसके बावजूद भाजपा नेता गलत बयानी कर रहे हैं। जबकि भाजपा ने आंबेडकर के हिंदू कोड बिल का विरोध किया था। 

तालाब के सुंदरीकरण कार्य का मेयर ने किया शिलान्यास
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने सुसुवाहीं के वृंदावन प्राइमरी स्कूल के पास तालाब के सुंदरीकरण व घाट निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इसकी लागत 1.78 करोड़ रुपये है। सुंदरीकरण का काम 30 जून तक पूरा हो जाएगा। तालाब के सुंदरीकरण घाट बनने के बाद वृंदावन मोहल्ले के साथ ही आसपास के लोगों के लिए भी बेहतर वातावरण मिलेगा। इस दौरान भाजपा के जिलाध्यक्ष एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, पार्षद सुरेश सिंह पटेल, अतुल पांडेय, श्याम भूषण शर्मा, विनीत सिंह शामिल रहे।

डॉ. मनोज को मिला एकेडमिक एक्सीलेंस अवाॅर्ड
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के हैदराबाद में आयोजित राष्ट्रीय अधिवेशन में डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव को नेशनल एकेडमिक एक्सीलेंस अवाॅर्ड से नवाजा गया। डॉ. मनोज ने चिकित्सा विज्ञान  से संबंधित 31 पुस्तकें लिखी हैं। हीमोफीलिया पर उनके कई शोध पत्र प्रकाशित हो चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शरद अग्रवाल, डॉ आनंद प्रकाश, डॉ मदन मोहन पालीवाल, यूपी के अध्यक्ष डॉ. पीके अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष डॉ अनिल कुमार श्रीवास्तव, बनारस शाखा के सचिव डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी, अध्यक्ष डॉ. एसपी सिह आदि ने बधाई दी है। 

राज्यमंत्री ने मिनी नलकूप का किया उद्घाटन
राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने एक करोड़ 57 लाख की लागत से स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य और मिनी नलकूप का उद्घाटन किया। इसमें 56.34 लाख की लागत से मिनी नलकूप अनौला हनुमान मंदिर पर और 39.44 लाख की लागत से मिनी नलकूप अनौलाडीह बाबा मंदिर में लगेगा।

शोभा नगर में 29.50 लाख से सड़क निर्माण का कार्य व रमरेपुर वार्ड में संकठा नगर कालोनी लालपुर में 27.70 लाख से सड़क निर्माण का कार्य शिलान्यास किया। इस मौके पर  मंडल अध्यक्ष अजीत सिंह, पार्षद अशोक मौर्या, संजय जायसवाल, हरिश्चंद्र मौर्या, अरविंद सिंह, जितेंद्र सिंह, नागेश्वर सिंह, प्रदीप सिंह, संजय सिंह मौजूद रहे। 

गढ़वासी टोला में विकास कार्यों का हुआ शिलान्यास
दक्षिणी विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने गढ़वासी टोला में विकास कार्यों का शिलान्यास किया। वीडीए ओर से यहां की आंतरिक गलियों और संपर्क मार्ग के विकास कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों में पेयजल लाइन, सीवर लाइन, सीसी रोड और स्टील स्टोन फ्लोरिंग का समावेश है। इनकी अनुमानित लागत 72.32 लाख रुपये है।

विधायक ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के निवासियों की सुविधाओं में बढ़ोतरी करेगी। स्थानीय लोगों ने इस कदम की सराहना करते हुए इसके शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण कार्यान्वयन की उम्मीद जताई। इस अवसर पर वीडीए के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता और संबंधित विकासकर्ता भी उपस्थित रहे। 

दादी ने पूछा हम ई मशीन चला सकी ला का 
प्राथमिक विद्यालय नहवानीपुर में अभिभावक और शिक्षकों के बीच मीटिंग हुई। ऐसे में छात्र हार्दिक सिंह की दादी शांति देवी भी अभिभावक के रूप में मीटिंग में आई हुई थी। जब उन्होंने स्मार्ट क्लास और कंप्यूटर को देखा तो उनके मन में जिज्ञासा उत्पन्न हुई। उन्होंने भोजपुरी में पूछा कि का ई मशीन हम चला सकत है का? यह सुनते ही प्रधानाचार्य चक्रधर चंद्र चौबे ने उन्होंने कंप्यूटर कक्ष में ले गए।

कक्ष में उनको कंप्यूटर शुरू करके दिखाया गया। कुछ देर तक तो कंप्यूटर की स्क्रीन निहारती रहीं, इसको देखकर दादी की प्रसन्नता देखते बन रही थी। उसके बाद दादी ने सभी कक्षा में भ्रमण किया और विद्यालय की खूब तारीफ की। 

शिक्षक संघ ने महानिदेशक स्कूली शिक्षा को भेजा पत्र
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने पत्र के माध्यम से महानिदेशक स्कूली शिक्षा से प्रोन्नत वेतनमान की मांग की है। कहा कि बेसिक शिक्षा की तरह माध्यमिक विद्यालयों में भी 10 और साल की सेवा के लिए चयन  और प्रोन्नत वेतनमान वृद्धि की तरह निर्धारित करने की मांग की। 

स्काउट-गाइड का प्रशिक्षण शिविर शुरू 
सेवापुरी ब्लॉक के ठटरा गांव के राजकीय हाईस्कूल में स्काउट एवं गाइड के तीन दिवसीय प्रगतिशील प्रशिक्षण शिविर की शुरूआत हुई। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रहमत आरा ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रशिक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं ने स्काउट गाइड के नियम, प्रतिज्ञा, प्रार्थना, झंडा गीत, सिद्धांत, आदर्श वाक्य, बायां हाथ मिलाना, परेड के बारे में सीखा। साथ ही इसे आगे लोगों को भी सीखाने की बात कही। कार्यक्रम में गाइड प्रभारी वीणा गौड, श्वेता कुमारी, गीता सिंह, कुमारी श्वेता, आरती गुप्ता उपस्थित रहीं। सभी ने स्काउट गाइड का उत्साह बढ़ाया। 

सीवर ओवरफ्लो होने से नाराज लोगों का विरोध
भीमनगर सिकरौल में सीवर समस्या को लेकर क्षेत्रीय लोगों ने विरोध किया। लोेगों ने बताया कि तीन चार दिनों से समस्या है। कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जलकल के अधिकारी भी ध्यान नहीं देते हैं। क्षेत्रीय पार्षद दिनेश यादव ने बताया कि सिकरौल से पुलिस लाइन जाने वाली सीवर पाइप लाइन जाम है। 

पीडब्ल्यूडी ने सड़क बनाने के दौरान चैंबर ढक दिया था। इसकी वजह से सीवर ओवरफ्लो की समस्या हो गई थी। इससे कुछ लोग नाराज होकर सड़क पर उतर आए। अपर नगर आयुक्त राजीव कुमार राय ने जल निगम के अधिकारियों से बातचीत कर काम शुरू कराया। जल निगम ने जेटी मशीन लगाकर सफाई शुरू कराई है। देर रात में पुलिस लाइन के पास काम लगाया है। 

जरूरतमंदों को दिए गर्म कपड़े और कंबल
आराजी लाइन ब्लॉक के दरेखू गांव में समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव डॉक्टर सुभाष राजभर ने जरूरतमंदों को गर्म कपड़े और कंबल बांटे। उन्होंने कहा कि ठंड से बचाव के लिए हर साल गर्म कपड़े बांटे जाते है। 

भक्त दो कदम आगे बढ़े तो प्रभु उसकी ओर बढ़ जाते हैं सौ कदम
अंतरराष्ट्रीय वक्ता राघव ऋषि ने कहा कि परमात्मा जीवमात्र के निस्वार्थ मित्र हैं। जीव का यह परम कर्तव्य है कि वह भगवान की सेवा व साधना करे।  वह बृहस्पतिवार को नुआंव में चल रही श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के सातवें दिन प्रवचन कर रहे थे। 

कथा क्रम में सुदामा चरित्र की भावपूर्ण कथा का वर्णन करते हुए राघव ऋषि ने कहा कि सुदामा चरित्र हमें यह शिक्षा देता है कि मनुष्य यदि दो कदम भी अपने प्रभु के प्रति आगे बढ़ता है तो भगवान उसके लिए सौ कदम बढ़ जाते हैं। कथा में सुदामा चरित्र की भावपूर्ण झांकी प्रस्तुत हुई। सौरभ ऋषि ने अरे द्वारपालों कन्हैया से कह दो कि दर पर सुदामा गरीब आ गया है.., आजा आजा रे सांवरिया... आदि भजन प्रस्तुत किए।

मुख्य यजमान राजेंद्र गोयनका ने सपरिवार व्यासपीठ का पूजन किया। आरती में राकेश राय, अश्वनी पाठक, रामेश्वर राय, रविशंकर सिंह, रवि पाटोदिया शामिल हुए। मीडिया प्रभारी प्रताप बहादुर सिंह ने बताया कि महालक्ष्मी पूर्णाभिषेक में श्रीयंत्र के श्रीबिंदु का पूजन किया गया। 

वेदमंत्रों संग गूंजी कुरान की आयतें, बाइबिल का हुआ पाठ
अमर शहीद उधम सिंह की 125वीं जयंती मनाई गई। गिरजाघर पर आयोजित समारोह के दौरान पुलिस के जवानों ने 32 फायर की सशस्त्र सलामी दी। चारों धर्म के अनुयायियों ने वेद पाठ, कुरान की आयत, बाइबिल और गुरुग्रंथ साहिब का पाठ किया। 36वीं पीएससी वाहिनी के बैंड पर राष्ट्रीय धुन बजाई गई। 

शहीद उधम सिंह स्मारक समिति ट्रस्ट के चेयरमैन उदय नारायण सिंह ने गिरजाघर का नामकरण शहीद उधम सिंह के नाम पर करने और गिरजाघर पर बन रहे रोपवे स्टेशन को शहीद उधम सिंह रोपवे टर्मिनल नाम देने की मांग की। 

मुख्य अतिथि डॉ. कर्मराज सिंह ने कहा कि शहीद उधम सिंह ने काशी में राष्ट्रीय आंदोलन के दौरान पनाह ली थी। इस दौरान गिरजाघर चर्च के पादरी फादर डेनिस, फादर आनंद, रामनगर दुर्ग के राजपरिवार से डॉ. अशोक कुमार सिंह और रोपवे परियोजना की प्रोजेक्ट मैनेजर पूजा मिश्रा ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। धन्यवाद ज्ञापन महासचिव विजय नारायण सिंह ने किया। 

गीत-संगीत से किया आनंदित
बांग्ला मेला के दूसरे दिन भी बंगाली टोला इंटर कॉलेज में बंगीय समाज के लोगों की भीड़ रही। कलाकारों ने गीत-संगीत से लोगों को आनंदित किया। वहीं बंगाल के व्यंजनों का भी लुत्फ उठाया। शिप्रा चक्रवाती, डॉ. जया राय, श्रुति बसाक के निर्देशन में नृत्य की प्रस्तुति हुई।

समित भट्टाचार्य, शिल्पा बोस और उनकी कन्या दरिशा बोस गायन पेश किया। डॉ. जया राय के नृत्य निर्देशन में साक्षी मैत्र, शनाया निषाद, सृष्टि चक्रवर्ती ने नृत्य की प्रस्तुति दी। शिव उपासक नृत्य दल की कुमारी निष्ठा, श्रबंती तथा शिवांगी ने भी मोहक नृत्य पेश किया। बच्चों ने कथक की मनमोहक प्रस्तुति दी। 

सांस्कृतिक प्रतियोगिता में प्रथम सरवानी धारा, द्वितीय संगीता शर्मा तथा तृतीय अनीता चक्रवर्ती रही। कोलकाता की कथा लेखिका देवारति मुखर्जी बंगाल की संस्कृति पर प्रकाश डाला। स्वागत अशोक कांति चक्रवर्ती, देवाशीष दास व संचालन सौगात प्रसाद ने किया। इस मौके पर राम निवास, आशीष दास, श्याम प्रसाद रॉय, अंकुर मुखर्जी, अर्चिता धर, डॉ. सोमा दत्ता मौजूद रहीं। 

आरसीसी सेंटर का निर्माण तेज करें 
ग्राम पंचायत गौरा कला में बन रहे आरसीसी सेंटर का डीपीआरओ आदर्श ने निरीक्षण किया। प्रधान राजेश कुमार ने कहा कि निर्माण सामग्री के लिए धन की कमी है। इस पर डीपीआरओ ने कहा कि निर्माण कार्य में तेजी बनाए रखें। शनिवार तक ग्राम पंचायत के खाते में रुपये भेजे दिया जाएंगे। इस दौरान एडीपीआरओ राकेश कुमार यादव, सुजीत कुमार, ग्राम सचिव बीना सोनकर मौजूद रहीं। 

प्रमोद हत्याकांड के गवाह को सुरक्षा की मांग
राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी संगठन के कार्यवाहक अध्यक्ष हरिशंकर सिन्हा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त पुलिस आयुक्त डॉ. के एजिलरसन से मुलाकात की। उन्होंने संगठन के संस्थापक प्रमोद निगम हत्याकांड के गवाह हिमांशु श्रीवास्तव को सुरक्षा देने की मांग की। कहा कि हिमांशु को लगातार धमकी दी जा रही है।

हत्या के आरोपी मुख्तार अंसारी गिरोह के लिए हत्या फिरौती जैसे कार्य करते थे। उनके खिलाफ जिला बदर, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट जैसे कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। मुलाकात करने वालों में गुलाब श्रीवास्तव,अभिषेक निगम, संदीप श्रीवास्तव, मनोज कुमार, गौरव प्रकाश आदि मौजूद  रहे। 

वेतन-पेंशन के लिए सत्याग्रह की चेतावनी
उत्तर प्रदेश जल निगम एकीकृत संघर्ष मोर्चा की क्षेत्रीय बैठक बृहस्पतिवार को जल निगम के स्टोर पर हुई। प्रांतीय महासचिव एके सिंह ने कहा कि जल निगम के 7 हजार कर्मचारियों और 14 हजार पेंशनर्स की वेतन व पेंशन से जुड़ी मांगें पूरी नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो 28 जनवरी को प्रदेश व्यापी सत्याग्रह किया जाएगा।

कहा कि मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को नौकरी नहीं मिल रही है। चार माह से वेतन और पेंशन बकाया है। महंगाई भत्ता नहीं मिल रहा है। अध्यक्षता जेबी राय ने की। संचालन संतोष कुमार मिश्र और धन्यवाद अरुण कुमार सिंह ने दिया। 

विद्यार्थियों की समस्या दूर करने के लिए पोर्टल खुला
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा 15 फरवरी से होने जा रही है। विद्यार्थियों को कोई परेशानी न हो इसके लिए सीबीएसई ने पोर्टल ओपन कर दिया है। विद्यार्थी अपने सवाल विशेषज्ञ से पूछ सकते हैं। साथ ही अगर विद्यार्थियों को स्कूल में कोई परेशानी हो या कोई सुविधा नहीं मिल रही है तो वह सीबीएसई की वेबसाइट पर जाकर कर सकता है। स्कूलों में लगातार विद्यार्थियों की काउंसलिंग कराने को कहा गया है। सीबीएसई की को-ऑर्डिनेटर गुरमीत कौर ने बताया किअगर विद्यार्थियों को परीक्षा में कोई परेशानी हो तो वह रविवार को क्लास ले सकता है। 

50 विद्यालयों के 400 छात्रों ने लिखा निबंध
सेवाज्ञ संस्थानम् की ओर से महामना महोत्सव के दूसरे दिन सनातन धर्म इंटर कॉलेज में निबंध प्रतियोगिता हुई। आज के भारत में महामना के विचारों की प्रासंगिकता विषय पर 50 से अधिक विद्यालयों के 400 छात्रों ने निबंध लिखा।  शुरुआत सनातन धर्म इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य विजय राम ने की। 

अभ्यर्थियों की शारीरिक मानक परीक्षण प्रक्रिया शुरू
पुलिस आरक्षी भर्ती-2023 की लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाण पत्रों के सत्यापन के साथ ही शारीरिक मानक परीक्षण प्रक्रिया पुलिस लाइंस में बृहस्पतिवार से शुरू हो गई। पहले दिन 100 महिला अभ्यर्थियों में से 11 अनुपस्थित रहीं। यह प्रक्रिया तीन फरवरी तक चलेगी।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने प्रमाण पत्रों के सत्यापन के साथ ही शारीरिक मानक परीक्षण प्रक्रिया का निरीक्षण किया। अभ्यर्थियों से कहा कि किसी भी भ्रामक खबर के चक्कर में न आएं। जालसाजों और दलालों से सावधान रहें। पुलिस आयुक्त ने बताया कि पुलिस भर्ती बोर्ड के निर्देशों का अनुपालन हो रहा है। अपर पुलिस उपायुक्त (महिला अपराध) ममता रानी, एडीसीपी श्रुति श्रीवास्तव और एसीपी डॉ. ईशान रहे। 

बसंत पंचमी पर स्कूल जाएंगे बच्चे, छुट्टी खत्म
यूपी के प्राइमरी स्कूलों के लिए 2025 का कैलेंडर जारी हो गया है। बेसिक शिक्षा परिषद ने बृहस्पतिवार को नई अवकाश तालिका जारी कर दी। नए कैलेंडर में बसंत पंचमी का अवकाश समाप्त कर दिया गया है, जबकि अनंत चतुर्दशी पर छुट्टी घोषित की गई है। वहीं, नए साल में शिक्षकों को 31 अवकाश मिलेंगे। इस बार तीन रविवार को तीन छुट्टियां पड़ रही हैं। बसंत पंचमी तीन फरवरी सोमवार को पड़ रही है। जबकि, अनंत चतुर्दशी छह सितंबर शनिवार को है। अनंत चतुर्दशी पर पहली बार छुट्टी घोषित हुई है। 

यह सूची सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों को भेजी गई है।वहीं, हरतालिका तीज, करवाचौथ, संकठा चतुर्थी और ललई छठ, जीउतिया, अहोई अष्टमी का अवकाश शिक्षिकाओं, जबकि पितृ विसर्जन का अवकाश शिक्षक/ शिक्षिकाओं को देय होगा। 

पहले दिन 98 महिला अभ्यर्थियों का सत्यापन व शारीरिक दक्षता परीक्षा हुई
सिपाही भर्ती-2023 की दूसरे चरण की प्रक्रिया पुलिस लाइंन में कड़ी सुरक्षा के बीच हुई। पहले दिन 100 महिला अभ्यर्थियों में से 98 ने हिस्सा लिया। इसमें दस्तावेज के सत्यापन के साथ ही शारीरिक दक्षता परीक्षा हुई। यह परीक्षा प्रक्रिया तीन फरवरी 2025 तक चलनी है।  सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा में लगभग 1.74 लाख अभ्यर्थी पास हुए हैं।

दूसरे चरण में 3100 अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन व शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए पुलिस लाइन को केंद्र बनाया गया। बृहस्पतिवार सुबह से ही प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर, प्रतापगढ़, कौशाम्बी समेत अन्य जिलों से महिला अभ्यर्थियों का आना शुरू हो गया। 

आईयूसीटीई और कोयलांचल विवि साथ मिलकर करेंगे शोध
अंतर विश्वविद्यालय अध्यापक शिक्षा केंद्र (आईयूसीटीई) में दो दिन तक चले अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में उच्च शिक्षा के पुनरूत्थान से जुड़े बिंदुओं पर वक्ताओं ने चर्चा की। दो दिन तक अलग-अलग विषयों पर शोध पत्र पढ़े गए जबकि अंतिम दिन आईयूसीटीई और बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय, धनबाद के बीच शोध और शैक्षिक आदान-प्रदान पर समझौता हुआ। इसके बाद दोनों विश्वविद्यालय मिलकर काम करेंगे।

आईयूसीटीई के 11वें स्थापना दिवस पर आईयूसीटीई और गुजरात विद्यापीठ, अहमदाबाद की ओर से सम्मेलन में बीएचयू समेत देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों से वक्ता और प्रतिभागी शामिल हुए। आईयूसीटीई निदेशक प्रो. पीएन सिंह ने संस्थान के स्थापना से लेकर अब तक की विकास यात्रा को रेखांकित किया। मुख्य अतिथि बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय, धनबाद के प्रो. रामकुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा पद्धति को स्टेट, सिचुएशन, सोर्स और पर्सन पर आधारित होना चाहिए। 

एनआईईपीए के पूर्व कुलपति प्रो. जेबीजी तिलक ने कहा कि हम अपनी प्राचीन परंपरा से बहुत कुछ सीख सकते हैं, तभी स्वायत्तता आ सकती है और इसकी पहुंच लोगों तक हो सकती है। संयोजक डॉ. विनोद ने रिपोर्ट प्रस्तुत की। परिचय  डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह, संचालन डॉ. कुशाग्री सिंह, मंगलाचरण डॉ. राजा पाठक ने किया।

एनक्वास सर्टिफिकेट के लिए 40 आयुष्मान आरोग्य मंदिर तैयार
जिले के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में मिलने वाली सुविधाओं का नए सिरे से मूल्यांकन होगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आंतरिक स्तर पर मूल्यांकन के बाद 40 आरोग्य मंदिरों की रिपोर्ट शासन को भेजी जा चुकी है। अब जल्द ही केंद्रीय टीम भी दौरे पर आएगी। मूल्यांकन रिपोर्ट के आधार पर मिलने वाली सुविधाओं पर फैसला होगा। 

सीएमओ डाॅ. संदीप चौधरी ने बताया कि दिसंबर 2025 तक 150 आयुष्मान आरोग्य मंदिर को सर्टिफाइड कराने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें 14 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का पुनर्मूल्यांकन हो चुका है। 12 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जिनके अंक 70 फीसदी से ऊपर हैं, उनके सर्टिफिकेशन के लिए राज्य सरकार को रिपोर्ट भेज दी गई है। तीन केंद्रों के मूल्यांकन के लिए अगले महीने एक केंद्रीय टीम यहां आएगी। 

वाहन प्रदूषण की जांच हो जाएगी महंगी
वाहनों की प्रदूषण की जांच एक जनवरी से महंगी हो जाएगी। एआरटीओ प्रशासन सर्वेश चतुर्वेदी ने बताया कि पेट्रोल से चलने वाले दो पहिया वाहनों की दर 60 से 65 रुपये, तीन पहिया वाहनों की दर 80 से 85 रुपये और डीजल से चलने वाले वाहनों की दर 110 से 115 रुपये कर दी गई है। प्रदूषण जांच के बिना वाहन चलाने पर 10 हजार रुपये तक का चालान हो सकता है। 

पीजी के 212 लाइसेंस का वितरण आज
महाकुंभ के मद्देनजर काशी में आने वाले पर्यटकों के मद्देनजर पर्यटन विभाग की ओर से शुक्रवार को पेईंग गेस्ट हाउस का लाइसेंस वितरण मंडलायुक्त सभागार में होगा। उपनिदेशक पर्यटन आरके रावत ने बताया कि दोपहर 12 बजे शॉर्टलिस्टेड 212 भवन स्वामियों काे पीजी लाइसेंस का वितरण जनप्रतिनिधि करेंगे। 

कमिश्नरी बार एसो. का वार्षिक चुनाव आज
दी बनारस कमिश्नरी बार एसोसिएशन का वार्षिक चुनाव शुक्रवार की सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक होगा। इसके बाद मतगणना होगी। कमिश्नरी बार एसोसिएशन के चुनाव में 105 अधिवक्ता मतदान करेंगे। चुनाव में अध्यक्ष पद पर 3, महामंत्री पद पर 2, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर 3 और कोषाध्यक्ष पद पर 2 प्रत्याशी हैं। यह जानकारी बार एसोसिएशन के मुख्य चुनाव अधिकारी तारकेश्वर लाल श्रीवास्तव ने दी है। 

प्रशासनिक भवन में इमरजेंसी कोटा बॉक्स
बरेका के कर्मचारियों को उत्तर और पूर्वोत्तर रेल में आपातकालीन कोटा के लिए कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना होगा। बरेका कर्मियों की सुविधा के लिए आपातकालीन रेल कोटा (इक्यू) यात्रा आवेदन बॉक्स बरेका प्रशासन भवन में लगाया गया है। बरेका प्रशासन रोज इमरजेंसी कोटा आवेदन भेजेगा। कर्मचारियों के समय की बचत होगी। 

शिक्षिकाओं ने नृत्य में जीता गोल्ड
काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव में चिरईगांव ब्लॉक के परिषदीय विद्यालयों की शिक्षिकाओं ने महारास नृत्य की प्रस्तुति कर प्रथम स्थान हासिल किया। तिब्बती विश्वविद्यालय सारनाथ में तीन दिवसीय काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव कार्यक्रम का समापन हुआ। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

शिक्षिका डाॅ. कल्पना तिवारी, ज्योत्सना अग्रवाल, सरिता पांडेय, ऋतु अग्रवाल, सीमा श्रीवास्तव, रश्मि त्रिपाठी, अनीता राय और सारिका त्रिपाठी को तिब्बती संस्थान की प्रो. सुचिता सिंह ने गोल्ड मेडल दिया। नोडल अधिकारी शांतनु कुमार, संजय सिंह, प्रीति सिंह, डाॅ. मनीष कुशवाहा उपस्थित रहे।

क्रिसमस मेले में प्रभु यीशु की देखी झांकी
महागिरजा में क्रिसमस मेला के दूसरे दिन शुक्रवार को भी भीड़ रही। लोगों ने यहां प्रभ्ाु यीशु की झांकी देखी। बाइबिल प्रदर्शनी, कठपुतली नृत्य व लेजर शो देखने के लिए कतार लगी थी। मैजिक शो, कठपुतली नृत्य का भी आनंद उठाया। पहली बार सजे क्रिसमस गांव में प्रभु यीशु के जीवन को दर्शाया गया है। चर्च में शाम को भीड़ बढ़ी। सेल्फी लेने की होड़ मची थी। बच्चों ने मिक्की माउस समेत अलग अलग झूलों पर खूब मस्ती की। चर्च के बाहर भी खिलौने, झूले, चर्खी, चटपटे व्यंजनों की लगी अस्थायी दुकानों पर भीड़ जुटी थी। 

जो लेते हैं भगवान का नाम उनकी मुक्ति निश्चित 
कथावाचक पं. संतोष मिश्रा ने कहा कि जीव किसी भी बहाने जब भगवान का नाम लेता है, वह सर्व विधि कल्याणकारी होता है। कलिकाल में नाम की महत्ता है, जो लोग श्रद्धापूर्वक भगवान का नाम लेते हैं, भजन करते हैं उनकी मुक्ति निश्चित है। वह जाल्हूपुर के विष्णुपुरा गांव स्थित काली माता मंदिर परिसर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में प्रवचन कर रहे थे। भागवत कथा में चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह, महाबली मिश्रा, अक्षय कुमार बबलू,सुनील यादव, नगीना यादव, लुट्टन, संतोष यादव गब्बर, नंदलाल तिवारी उपस्थित रहे। 

शास्त्री अस्पताल रामनगर में 54 यूनिट रक्तदान
लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल रामनगर में आयोजित रक्तदान शिविर में 39 यूनिट रक्तदान हुआ। इसमें 36वीं वाहिनी पीएसी रामनगर, प्रभुनारायण इंटरमीडिएट कॉलेज रामनगर से जुड़े लोगों ने भागीदारी की। शिविर में सीएमएस डॉ. जीसी द्विवेदी ने कहा कि रक्तदान से बड़ा दान कोई नहीं है। केंद्र की तरफ से डॉ. संजीव सिंह, जितेंद्र पटेल, अशोक, ब्रजेश, प्रदीप, अभिषेक आदि ने सहयोग किया। इस दौरान इस दौरान अशोक कुमार, नरेंद्र शर्मा, एम त्रिपाठी आदि मौजूद रहे। 

सपने साकार करेगी युवा उद्यमी विकास योजना 
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत मंडलीय कार्यशाला आयुक्त ऑडिटोरियम में हुई। मुख्य अतिथि डीएम एस. राजलिंगम ने कहा कि यह योजना युवाओं के सपनों को साकार करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान का अवसर देती है। भारत का विशाल बाजार युवाओं के आर्थिक प्रगति का सुनहरा अवसर प्रदान करता है।

विशिष्ट अतिथि सीडीओ हिमांशु नागपाल ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं को योजना की बारीकियों से अवगत कराना और उन्हें उद्यमिता के लिए प्रेरित करना है। संयुक्त आयुक्त उद्योग उमेश कुमार सिंह ने बताया कि 21 से 40 वर्ष तक के न्यूनतम 8वीं उत्तीर्ण और मान्यता प्राप्त कौशल प्रशिक्षण प्राप्त युवा योजना में आवेदन कर सकते हैं। 

मनवा तू जगत... पेश कर किया मुग्ध
सुबह ए बनारस में बंगलुरु की कलाकार मेघना भट्ट का गायन हुआ। मेघना भट्ट ने गायन का आरंभ राग अहीर भैरव में विलंबित एक ताल में निबद्ध रसिया म्हारा... से किया। इसके उपरांत मध्य तीन ताल में निबद्ध बंदिश मनवा तू जगत... पेश किया। समापन भजन से हुआ। तबला संगति डॉ. अमित ईश्वर एवं संवादिनी पर इंद्रदेव चौधरी ने साथ दिया। कलाकार को प्रमाण पत्र उपासना तिवारी ने दिया। संचालन डॉ. रत्नेश वर्मा ने किया। 

इस्लाम की पहचान है किरदार-ए-फातिमा
जनाबे फातिमा की विलादत पर बृहस्पतिवार को महफिलों का सिलसिला देर रात तक चला। सदर इमामबाड़ा लाट सरैया में अकीदतमंदों ने बीबी फातिमा के रौजे पर दुआख्वानी की। शायरों ने कलाम पेश किए और अंजुमनों ने नौहाख्वानी की। दरगाह-ए-फातमान में महफिल को खिताब करते हुए शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने कहा कि 18 साल के छोटे से जीवन में बीबी फातिमा ने संसार की समस्त औरतों के लिए एक बेहतरीन नमूने अमल पेश किया। इमामिया कॉलेज मुकीमगंज में स्वर्गीय मौलाना अहमद हसन और स्वर्गीय मकसूद हसन की याद में मजलिस हुई, जिसे मौलाना उरुजुल हसन मौसम ने खिताब किया।
विज्ञापन

बच्चों ने विभिन्न राज्यों के लोकनृत्य से कराया रूबरू 
एसएसआई पब्लिक स्कूल कटेसर कलां चौबेपुर में सूबेदार सिंह ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन का वार्षिकोत्सव समारोह मनाया गया। इसमें एसएसआई पब्लिक स्कूल, स्व. सूबेदार सिंह स्मृति महिला विद्यालय और सूबेदार सिंह विधि महाविद्यालय के विद्यार्थी संयुक्त रूप से शामिल हुए। शुभांरभ मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कृति शिक्षा भी जरूरी है। 

केंद्र और प्रदेश की सरकार नई शिक्षा नीति के माध्यम से शिक्षित करने का प्रयास कर रही है। इस दौरान बच्चों ने कराटे व तीरंदाजी का कार्यक्रम कर आत्मरक्षा का गुण सिखाया। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न राज्यों के लोकनृत्य और गायन से सभी को मंत्र मुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल के सचिव राहुल सिंह, अमित कुमार सिंह, माधवी लता सिंह, डॉ. पुष्पा सिंह, स्वतंत्र सिंह उपस्थित थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें