फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो थाना प्रभारियों पर गिरी गाज: DCP वरुणा को बंद लिफाफा देने के प्रयास में सिगरा इंस्पेक्टर निलंबित

Wed, 07 Sep 2022 10:01 PM IST
उत्पल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी

सार

पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने बुधवार को लापरवाही, भ्रष्ट आचरण और अनुशासनहीनता पर वाराणसी के सिगरा इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय को निलंबित किया। 
विज्ञापन
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कमिश्नरेट पुलिस वाराणसी के दो थाना प्रभारियों पर गाज गिर गई। लापरवाही, भ्रष्ट आचरण और अनुशासनहीनता पर सिगरा इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय को निलंबित किया गया। वहीं, शिवपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एसआर गौतम को लाइन हाजिर किया गया। डीसीपी वरुणा आरती सिंह को बंद लिफाफा (घूस) देने के प्रयास में सिगरा इंस्पेक्टर को निलंबित किया गया।

विज्ञापन


चर्चा है कि पुलिस भाषा में कहे तो एग्जाई देने का प्रयास इंस्पेक्टर कर रहे थे, जो आईपीएस रैंक की अधिकारी आरती सिंह को नागवार गुजरी और इंस्पेक्टर की इस करतूत की शिकायत पुलिस आयुक्त से की। अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस आयुक्त ने इंस्पेक्टर को कड़ी फटकार लगाते हुए बैठक से बाहर कर दिया। 

पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश के निर्देश पर दोनों थाना प्रभारियों पर कार्रवाई की गई। सिगरा थाने की कमान इंस्पेक्टर राजू सिंह और लालपुर-पांडेयपुर के थाना प्रभारी सतीश यादव को शिवपुर थाना प्रभारी निरीक्षक बनाया गया। वहीं, लालपुर-पांडेयपुर थाने की कमान उपेंद्र सिंह को सौंपी गई। 
विज्ञापन


पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश के अनुसार पिछली कई शिकायतों के आधार पर दोनों प्रभारियों पर कार्रवाई की गई। शिवपुर थाना प्रभारी एसआर गौतम की जांच कैंट एसीपी से कराई जा रही थी। वहीं, सिगरा इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय के खिलाफ भ्रष्ट आचरण पर विभागीय कार्रवाई की गई। 

वसूली लिस्ट वायरल

चौक थाने की पियरी चौकी की वसूली लिस्ट वायरल होने के हफ्ते भर के अंदर ही कमिश्नरेट पुलिस के इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय पर अपने ही आईपीएस को महीने के रूप में घूस देने का प्रयास किया गया। इसकी चर्चाएं कमिश्नरेट पुलिस में जोरों पर है।

बाजार कालिका चौकी प्रभारी लाइन हाजिर
सेवापुरी। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत त्रिपाठी ने मंगलवार की देर रात कपसेठी थाना के बाजार कालिका चौकी प्रभारी राज दर्पण तिवारी को कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया। क्षेत्र में आए दिन चोरी की घटनाएं और अन्य कई शिकायतें मिली थीं। 
विज्ञापन

पुलिसकर्मियों की समस्याओं से रूबरू हुए पुलिस आयुक्त

ट्रैफिक पुलिस लाइन में बुधवार को आयोजित सैनिक सम्मेलन में पुलिसकर्मियों की समस्याओं से अधिकारी रूबरू हुए। इस दौरान पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को समस्याओं के समाधान का निर्देश दिया। इस दौरान थाना प्रभारियों संग अपराध समीक्षा बैठक की।  पुलिस आयुक्त ने कहा कि कोई भी पुलिसकर्मी बगैर हेलमेट के दुपहिया वाहन नहीं चलाए। हेलमेट के लिए अपने अधीनस्थ को जागरूक करें। थाना प्रभारियों से कहा कि समय-समय पर सैनिक सम्मेलन का आयोजन करें और पुलिसकर्मियों की समस्याओं का समाधान कराएं।  

पुलिस आयुक्त ने निर्देशित किया कि दुर्गा पूजा, रामलीला को देखते हुए संभ्रांत जनों संग बैठक करें। वहीं, उन्होंने हुक्काबार, मसाज पार्लर और अनैतिक कृत्य करने वालों पर नियमानुसार चेकिंग अभियान चलाएं। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह, डीसीपी काशी जोन रामसेवक गौतम, डीसीपी वरुणा आरती सिंह आदि मौजूद रहीं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें