वाराणसी से अब मैसूर की यात्रा और आसान होगी। मोदी सरकार के पहले रेल बजट में वाराणसी को दक्षिण भारत से जोड़ने के लिए मिली महत्वपूर्ण ट्रेन में शामिल वाराणसी-मैसूर एक्सप्रेस 27 दिसंबर से शुरू होने जा रही है। यह ट्रेन कैंट स्टेशन से प्रत्येक गुरुवार व शनिवार को रात 9:05 बजे से प्रस्थान करेगी। वहीं, 25 दिसंबर को मैसूर से ट्रेन का शुभारंभ हो रहा है। उधर, ट्रेन में सीट का ऑनलाइन आरक्षण शुरू हो गया है।
गाड़ी संख्या 16229/16230 मैसूर-वाराणसी एक्सप्रेस, मैसूर से प्रत्येक मंगलवार और बृहस्पतिवार की सुबह 7.20 बजे से चलेगी। वहां से चलकर ट्रेन तीसरे दिन सुबह 9.11 बजे मिर्जापुर और 11.50 बजे वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
वहीं वाराणसी से 27 दिसंबर सेे यह गाड़ी प्रत्येक बृहस्पतिवार और शनिवार की रात 9.05 बजे छूटकर 10.46 बजे मिर्जापुर, छिवकी, सतना, इटारसी, खंडवा, भुसावल, मनमाड, कोपरगांव, अहमदनगर, सोलापुर होते हुए तीसरे दिन मैसूर पहुंचेगी।
ट्रेन में एसी-2 और एसी-3 के एक-एक कोच, छह स्लीपर, छह जनरल, दो एसएलआर कोच लगाया जाएगा। हालांकि इसमें पैंट्रीकार नहीं होगा। मंगलवार की शाम 6:30 बजे बड़ौदा हाउस से इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई। वहीं रात 10 बजे कैंट स्टेशन प्रबंधक कार्यालय में भी इस ट्रेन के संबंध में तय शेड्यूल पहुंच गया।