फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

क्रिकेट खेलने के लिए बीएचयू में उपद्रव, पथराव

Fri, 10 Apr 2015 02:34 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, वाराणसी
विज्ञापन
विज्ञापन
काशी हिंदू विश्वविद्यालय में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान के राजपूताना खेल मैदान पर क्रिकेट खेलने के मुद्दे पर आईआईटी और विधि संकाय के छात्र गुरुवार को आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट और पथराव हुआ। उत्तेजित छात्रों ने हास्टल के बाहर खड़ी कई मोटरसाइकिलें और स्ट्रीट लाइटें तोड़ दीं। पेट्रोल बम फेंके गए, जिसकी चपेट में आने से एक छात्र की पीठ जल गई।
विज्ञापन


हास्टल के बाहर कूड़ेदान में भी आग लग गई। छात्रों ने एक बस और फैंटम दस्ते की बाइक को जलाने की भी कोशिश की। इस दौरान परिसर ढाई घंटे तक जंग का मैदान बना रहा। पुलिस ने एक बार छात्रों को तितर-बितर कर दिया लेकिन कुछ देर बाद ही दोबारा बवाल शुरू हो गया तो लाठियां भांज कर छात्रों को खदेड़ना पड़ा। पथराव में 20 से ज्यादा छात्रों और एक कर्मचारी को चोटें आई हैं। उनका स्टूडेंट हेल्थ सेंटर और बीएचयू अस्पताल में इलाज कराया गया।

गुरुवार की शाम आईआईटी के राजपूताना छात्रावास के खेल मैदान में भगवानदास हास्टल में रहने वाले विधि संकाय के छात्रों का आपसी क्रिकेट मैच चल रहा था। उसी दौरान आईआईटी के छात्र पहुंचे और उन्होंने खेल ग्राउंड खाली कराने के लिए दबाव बनाया। विधि के छात्रों ने कहा कि तीन ओवर का मैच बचा है और उसकी समाप्ति के बाद वे ग्राउंड खाली कर देंगे। इसी बात पर कहासुनी होने लगी और विवाद इतना बढ़ गया कि पहले मारपीट और फिर पथराव शुरू हो गया।
विज्ञापन


लॉ फैकल्टी के छात्र ब्रोचा हास्टल की तरफ से पत्थरबाजी कर रहे थे और आईआईटी के छात्र राजपूताना हास्टल की तरफ से। एक तरफ आईआईटी के सभी छह छात्रावासों के विद्यार्थी आ गए तो विधि संकाय के छात्रों के  समर्थन में अन्य संकायों के छात्र भी आ गए।  उन्होंने स्ट्रीट लाइटें तोड़ दीं। छात्र ढाई घंटे तक उपद्रव करते रहे लेकिन अंधेरा होने के कारण सुरक्षाकर्मी वहां जाने की हिम्मत तक नहीं जुटा पा रहे थे। पेट्रोल बम से छात्र सुमित मीना की पीठ जल गई। पत्थर लगने से राजन कुमार, दीपक दूबे, सौरभ कुमार, राजेश, निखिल कुलकर्णी, अंबुला राय, प्रतीक, पीयूष, आशुतोष, प्रशांत सहित 13 छात्रों चोटें आईं। 

विश्वविद्यालय प्रशासन की सूचना पर जिलाधिकारी प्रांजल यादव और एसएसपी जोगेंद्र कुमार तथा 20 थानों की पुलिस मौके पर बुला ली गई। हास्टल रोड पर पुलिस की गश्त के बाद छात्र तितर-बितर हुए। देर रात फिर हिंसा तब भड़क गई जब बीएचयू अस्पताल जाते समय आईआईटी के कुछ छात्रों को रोककर विधि संकाय के विद्यार्थियों ने उनकी पिटाई कर दी। उसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ीं। 
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें