बीएचयू में वसंत पंचमी के दिन निकलने वाली झांकियों को सजाने का काम संकायों, विभागों में अंतिम दौर में है। साथ ही छात्र-छात्रा इस दिन होने वाले कार्यक्रमों का पूर्वाभ्यास भी कर रहे हैं। इसमें दृश्य कला संकाय की झांकी राम के जीवन आदर्शों पर तैयार करवाई जा रही है।
विश्वविद्यालय के 109वें स्थापना दिवस पर निकलने वाली झांकियों की थीम इस बार विकसित भारत-श्रेष्ठ भारत रखी गई है। छात्र अधिष्ठाता कार्यालय की ओर से संकायों, संस्थानों को थीम भिजवाई जा चुकी है। यहां छात्र-छात्रा अपने शिक्षकों के निर्देशन में तैयारी में जुट गए हैं। खास बात यह है कि दूश्य कला संकाय में भगवान राम के जीवन आदर्शों की झांकी बन रही है।
संकाय प्रमुख डॉ. उत्तमा दीक्षित के निर्देशन में डॉ. आशीष गुप्ता, डॉ. ललित मोहन सोनी के निर्देशन में छात्र-छात्रा भगवान राम की आकर्षक आकृति बना रहे हैं। इसमें रामदरबार से लेकर राम, लक्षमण, सीता के वन गमन की तस्वीर सहित अन्य कई तस्वीरे हैं। इसके अलावा अन्य संस्थानों में भी झांकियों को बनाने का काम चल रहा है।
बीएचयू के छात्र अधिष्ठाता प्रो. एके नेमा ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह की तैयारियां संस्थानों, संकायों में चल रही हैं। 14 फरवरी को सुबह स्थापना स्थल पर पूजन के बाद बिड़ला छात्रावास के पास से झांकियां निकाली जाएंगी। मालवीय भवन के गेट पर मुख्य मंच सजाया जाएगा। यहां कुलपति समेत अन्य विशिष्ट जन भी मौजूद रहेंगे।