काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में छात्रहित एवं विश्वविद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय इकाई का अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुक्रवार को भी जारी रहा। आंदोलन के क्रम में आज ओपन माइक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों विद्यार्थियों ने अपनी बात खुलकर रखी।
ओपन माइक के दौरान छात्रों ने काव्य पाठ, वक्तव्य एवं अपनी व्यक्तिगत अनुभूतियों के माध्यम से विश्वविद्यालय में अपने अनुभवों और समस्याओं को सामने रखा। बड़ी संख्या में छात्राओं ने भी मंच से अपनी बात रखते हुए अपनी व्यथा, चिंताओं और विश्वविद्यालय में महसूस की जाने वाली समस्याओं का उल्लेख किया।
भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इकाई अध्यक्ष पल्लव सुमन ने कहा कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद विद्यार्थियों की लगातार उपस्थिति इस बात को रेखांकित करती है कि छात्र समुदाय के बीच उठाए जा रहे इन मुद्दों को लेकर गंभीर चिंता और असंतोष मौजूद है।
इकाई मंत्री अनुराग तिवारी ने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाना नहीं, बल्कि छात्रहित, परिसर की सुरक्षा, प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही से जुड़े विषयों पर विश्वविद्यालय प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना है। विद्यार्थियों की आवाज को संवाद और समाधान के माध्यम से संबोधित किया जाना चाहिए।
परिषद ने स्पष्ट किया कि जब तक छात्रहित से जुड़ी मांगों पर ठोस, पारदर्शी एवं समयबद्ध कार्रवाई नहीं होती, तब तक अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।