बीएचयू में एक प्रोफेसर द्वारा छेड़खानी का मामला जोड़ पकड़ता ही जा रहा है। शिक्षक को पीटने के बाद अब छात्र सड़क पर उतर आए है। शुक्रवार को छात्रों ने प्रोफेसर के खिलाफ विरोध मार्च भी निकाला।
वाराणसी बीएचयू समाजशास्त्र विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉक्टर मनोज वर्मा के विरोध में शुक्रवार को विभाग से सिंह द्वार तक मार्च निकालकर छात्रों ने डॉक्टर वर्मा पर छात्राओ के साथ छेड़खानी, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने सहित कई आरोप लगाते हुए 250 छात्रों ने कुलपति को शिकायत कर डॉक्टर वर्मा को बर्खास्त करने की मांग की है।
समाजशास्त्र विभाग से भारतकला भवन, केएन उड़प्पा होते हुए छात्र सिंह द्वार पहुंचे और प्रदर्शन किया। साथ ही आरोप लगाया कि अब जबकि मामले की विवि प्रशासन द्वारा जांच कराई जा रही है तो डॉ. वर्मा द्वारा छात्राओंं पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है।
साथ ही झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी जा रही है। इधर बीएचयू प्रशासन ने मामले को इंटरनल कम्प्लेन कमेटी को जांच के लिए भेजा है। इस जांच रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई का फैसला होना है।