सजाया-संवारा जा रहा बीएचयू का स्वतंत्रता भवन।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के शताब्दी वर्ष पर आ रहे राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी यहां बीएचयू की भावी योजनाओं से रूबरू होंगे। इनमें लोक संस्कृति के अध्ययन के लिए स्थापित होने वाला भारत अध्ययन केंद्र, नदियों पर शोध व अध्ययन के लिए मालवीय रिसर्च सेंटर फॉर रिवर डेवलपमेंट जैसे प्रोजेक्ट शामिल हैं। इसके अलावा बरकछा में बनने वाले सोलर एनर्जी प्लांट जैसी भावी योजनाओं से भी होर्डिंग्स में डिस्प्ले के जरिये उन्हें अवगत कराया जाएगा।
स्वतंत्रता भवन में राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोर शोर से हो रही हैं। चूंकि राष्ट्रपति बीएचयू के शताब्दी वर्ष पर आ रहे हैं इसलिए बीएचयू के सौ वर्षों की विकास यात्रा और इस दौरान बीएचयू को मिली उपलब्धियां भी प्रदर्शित की जाएंगी। इसके लिए लाइटिंग डिस्प्ले तैयार किया जा रहा है। ऐसे करीब दो दर्जन से अधिक बड़े-बड़े होर्डिंग्स तैयार किए गए हैं। 12 मई को राष्ट्रपति स्वतंत्रता भवन में शताब्दी व्याख्यान देंगे।
राष्ट्रपति आगमन पर किसी अनहोनी की आशंका के मद्देनजर बीएचयू अस्पताल में दस बेड का स्पेशल वार्ड तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा पूरी मेडिकल टीम भी मुस्तैद रहेगी। इस टीम में एमएस के साथ ही विशेषज्ञ डॉक्टर और पैरा मेडिकल स्टाफ रहेंगे। सर सुंदरलाल अस्पताल में आईसीयू से लेकर हाई डिपेंडेंसी यूनिट, ऑपरेशन थिएटर और एक लिफ्ट भी रिजर्व रखी जाएगी।