बीएचयू के गेट पर तैनात रहे सुरक्षाकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
बीएचयू में हुए उपद्रव के मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से दी गई तहरीर लंका पुलिस ने एक हजार अज्ञात छात्रों के विरुद्ध पहले से दर्ज मुकदमे में शामिल कर ली गई है। यह मुकदमा लंका थानाध्यक्ष की तहरीर पर दर्ज किया गया था।
अब दोनों मामलों की तफ्तीश एक साथ होगी। वहीं, 22 सितंबर की रात लंका चौराहा स्थित मालवीय प्रतिमा पर कालिख पोतने के प्रयास के आरोप में बीएचयू के सुरक्षाधिकारी राकेश कुमार गुप्ता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ लंका थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
23 सितंबर की रात हुए बवाल के बाद बीएचयू परिसर में शांति और कानून व्यवस्था के मद्देनजर सोमवार को भी दो एएसपी, 5 डिप्टी एसपी, 10 थानेदार, 50 दरोगा, 3 कंपनी पीएसी, 2 कंपनी सीआरपीएफ और गैर जनपद से आए 850 महिला-पुरुष कांस्टेबल तैनात रहे।
चप्पे-चप्पे पर निगरानी रही। पुलिस फोर्स हॉस्टलों से लेते हुए संकाय मार्ग और विश्वनाथ मंदिर सहित अन्य इलाकों में चक्रमण करती रही। एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज ने बताया कि परिसर का माहौल अब सामान्य है।
छात्रों से अपील की गई है कि वो कानून का उल्लंघन न करें और परिसर में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।