वाराणसी में कोरोना काल में बंद चल रहे बीएचयू में आठ महीने बाद सोमवार से शिक्षण कार्य शुरू हो गया। विभागों में चहल पहल भी दिखने लगी है। हालांकि पहले चरण में विज्ञान संकाय के शोध छात्रों को ही बुलाया गया है और उसके बाद बाकी संकायों के छात्र- छात्राओं को बुलाने का फैसला लिया जाएगा।
सुबह 10 बजे विज्ञान संकाय के विभागों के ताले खुलने के बाद शोध छात्र पहुंचे। विभाग के गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग की गई और सेनिटाइजेशन के बाद ही छात्र- छात्राओं को अंदर प्रवेश दिया गया।
विभागों के प्रवेश द्वार पर बिना मास्क के प्रवेश वर्जित होने की सूचना भी चस्पा की गई है। साथ ही सुरक्षाकर्मी भी लोगों को मास्क लगाकर ही अंदर प्रवेश करने की अपील कर रहे हैं। इसके अलावा अन्य विभागों में भी पहले की अपेक्षा चहल-पहल अधिक दिखी।