Varanasi News: बारिश के कारण बीएचयू अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कहीं-कहीं घुटने तक पानी लगा हुआ था। वहीं, शनिवार की सुबह डाॅक्टरों को भी अपने कमरे तक पहुंचने में परेशानी हुई।
बीएचयू अस्पताल परिसर में बाल रोग विभाग के सामने से लेकर इमरजेंसी जाने वाले रास्ते पर करीब दो फीट तक पानी लगा है, जहां रास्ते में खड़े दो पहिया वाहन तैरते रहे। एंबुलेंस से भी मरीज को लेकर जाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। शनिवार की सुबह डाॅक्टर को दिखाने पहुंचे मरीजों को ओपीडी तक पहुंचने में दिक्कत हुई। इसके अलावा गंभीर मरीज इमरजेंसी तक भी नहीं पहुंच पाए।
विज्ञापन
बाल रोग विभाग की ओपीडी में डाॅक्टर मरीजों को देखने बाहर तक निकल जाए। पार्किंग में सुरक्षित जगह देखते हुए वहीं पर ओपीडी चलाई। बच्चों की जांच की उन्हें जरूरी दवाइयां भी लिखीं।
बीएचयू कैंपस में अरविंदो काॅलोनी, कबीर काॅलोनी, नरिया गेट के पास डाकघर के बगल वाली कालोनी में प्रोफेसरों के घरों में पानी घुस गया। अस्पताल परिसर में भी पानी-पानी हो गया। सबसे खराब स्थिति अस्पताल के गेट से बाल रोग विभाग, नेत्र रोग विभाग के सामने वाले रास्ते से इमरजेंसी जाने वाले रास्ते की रही।