खाली सीटों पर चलती रहेगी प्रवेश प्रक्रिया असिस्टेंट रजिस्ट्रार ने संकायों और विभागों के अध्यक्षों को लिखा पत्र
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के स्नातक प्रथम सेमेस्टर (सत्र 2024-25) की कक्षाएं 17 सितंबर से शुरू होंगी। जिन पाठ्यक्रमों की सभी सीटें भर चुकी हैं, उनकी कक्षाएं पहले चलेंगी। जिन पाठ्यक्रमों की सीटें खाली हैं, उन पर प्रवेश के लिए स्पॉट राउंड की काउंसिलिंग चलती रहेगी। सोमवार को बीएचयू ने कक्षा संचालन के लिए डीन, विभागाध्यक्ष, समन्वयक और महिला महाविद्यालय के प्राचार्य को पत्र लिखकर सत्र संचालन की व्यवस्था करने को कहा है।
बीएचयू के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 17 अगस्त से सीट आवंटन की प्रक्रिया चल रही है। चार राउंड के सीट आवंटन के बाद लगभग डेढ़ हजार सीटें खाली हैं। अब स्पॉट राउंड की काउंसिलिंग से सीटें भरी जा रही हैं। असिस्टेंट रजिस्ट्रार (एकेडमिक) प्रशांत ने पत्र भेजकर कहा है कि 13-14 सितंबर को खाली सीटों का ब्योरा दिया जाए। इस दौरान दस्तावेजों का सत्यापन भी होगा। 15 को रविवार और 16 को ईद-ए-मिलाद के अवकाश के बाद 17 से स्नातक प्रथम सेमेस्टर का सत्र शुरू होगा। बीएचयू की केंद्रीय प्रवेश समिति के सदस्य प्रो. राजेश कुमार ने कहा कि जिन पाठ्यक्रमों की सीटें भर चुकी हैं, वहां कक्षाएं शुरू की जाएंगी। खाली सीटों के लिए स्पॉट राउंड चलता रहेगा। स्पॉट राउंड पूरा कर 20 सितंबर के आसपास सभी छात्र-छात्राओं की कक्षाएं नियमित हो जाएंगी।
...
स्पॉट राउंड के लिए पंजीकरण शुरू
बीएचयू के स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए सोमवार को शाम छह बजे स्पॉट राउंड के लिए पंजीकरण शुरू हो गया। 11 सितंबर को रात 11:59 बजे तक पंजीकरण चलेगा। स्पॉट के जरिये प्रवेश लेने के इच्छुक छात्र-छात्राओं को पहले ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। स्पॉट राउंड में ऐसे अभ्यर्थी पात्र होंगे, जिन्होंने अब तक बीएचयू में प्रवेश के लिए पंजीकरण नहीं कराया था। या फिर ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने पंजीकरण तो कराया था, लेकिन रेगुलर राउंड में उन्हें सीट ऑफर नहीं की गई अथवा सीट ऑफर हुई मगर वे समय पर फीस जमा नहीं कर पाए या फीस जमा की, लेकिन उनका एडमिशन कैंसिल हो गया।