बीएचयू में सरसुंदरलाल अस्पताल के पास पेंटिंग बना रहे बीएफए के छात्र बृजेश विश्वकर्मा को बीएचयू के ही कुछ छात्रों मंगलवार की शाम पीट दिया। आरोपी छात्र बृजेश से अपना स्केच बनाने को कह रहे थे। बृजेश ने पांच सौ रुपये मांगे तो विवाद हो गया। घटना के विरोध में फाइन आर्ट्स के छात्रों ने हंगामा करते हुए मुख्य द्वार को बंद कर दिया। पुलिस ने घंटे भर बाद द्वार खुलवाया।
हास्टल में रहने वाला बीएफए द्वितीय वर्ष का छात्र बृजेश विश्वकर्मा शाम सात बजे अस्पताल के पास बैठकर पेंटिंग बना रहा था। इसी दौरान बीएचयू आर्ट्स फैकेल्टी के कुछ छात्र वहां पहुंच गए। छात्रों ने बृजेश ने अपना स्केच बनवाने को कहा। एक छात्र से पांच सौ रुपये मांगने पर विवाद हो गया। आर्ट्स के छात्रों ने बृजेश की जमकर पिटाई कर दी। उसके सिर समेत अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आई। उसे रवींद्रपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के बाद फाइन आर्ट्स के छात्रों ने रात साढ़े नौ बजे बीएचयू का मुख्य द्वार बंद कर हंगामा कर दिया। सूचना के बाद लंका समेत तीन थानों की फोर्स मौकेपर पहुंच गई। एसओ लंका रमेश यादव ने रात साढ़े दस बजे आरोपियों को गिरफ्तार करने के आश्वासन पर छात्रों ने गेट खोला। एहतियात के तौर पर बीएचयू गेट पर पुलिस फोर्स तैनात की गई है। बता दें कि पखवारे भर पूर्व आईटी और लॉ के छात्रों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसके बाद प्रशासन ने हास्टल खाली करा दिया था। छात्र का सोमवार से ही हास्टलों में लौटना शुरू हुआ था।