वाराणसी। विज्ञान के क्षेत्र में शोध सहित अन्य कार्यों को बढ़ावा देने वाली इंडियन नेशनल साइंस एकेडमी में बीएचयू के तीन शिक्षकों ने अलग-अलग उपलब्धि हासिल कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। इसमें केमिस्ट्री से प्रो. केएन सिंह को फेलो चुना गया, जबकि बॉटनी से प्रो. मधुलिका अग्रवाल काउंसिल की सदस्य बनाई गई है। इसके अलावा गणित विभाग के प्रो. एसके मिश्रा को टीचर्स अवार्ड के लिए चुना गया है।
इंडियन नेशनल साइंस एकेडमी (इंसा) नई दिल्ली की ओर से विज्ञान के क्षेत्र में शिक्षण, शोध सहित बेहतर काम को बढ़ावा देने के लिए फेलो चुना जाता है। इसके अलावा टीचर्स अवार्ड भी दिए जाते हैं। बीएचयू के लिए गर्व की बात है कि केमिस्ट्री डिपार्टमेंट के प्रोफेसर केएन सिंह को इंसा फेलो चुना गया है। प्रो. सिंह ने बताया कि जनवरी 2021 से शुरू होगा, जो आजीवन होता है। शिक्षकों की इस उपलब्धि पर विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रोफेसर एके त्रिपाठी ने अपनी शुभकामनाएं दी है। बताया कि संस्थान के शिक्षकों को इंसा में अलग-अलग रूप में जिम्मेदारी मिलना गौरव की बात है।