वाराणसी। बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल में जिस तरह से कोरोना मरीजों के साथ ही अन्य मरीजों के वार्ड से लापता होने की घटनाएं सामने आ रही हैं, उससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा होने लगे हैं। अस्पताल में सुरक्षा की मॉनिटरिंग के लिए कैमरे तो लगवाए गए हैं, लेकिन बड़ी संख्या में कैमरे खराब है, जिन्हें ठीक नहीं कराया जा सका है। जानकारी के मुताबिक अस्पताल के अलग-अलग वार्डो में लगे कुल 144 सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े हैं। जिसको बनवाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े लोगों ने एमएस को पत्र भी दिया था, लेकिन अभी कैमरे को सही नहीं कराया जा सका है।
हालत यह है कि बीएचयू में सर्जरी वार्ड, ओपीडी ग्राउंड फ्लोर, गायनीवार्ड, बाल रोग विभाग, इमरजेंसी सहित अन्य जगहों पर लगे 144 कैमरे ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। जिसको तत्काल बनवाए जाना बहुत जरूरी है। पिछले दिनों इसके लिए एमएस से कैमरों को ठीक कराने की मांग के साथ ही 213 नए कैमरों को लगाने की मांग की गई थी। सूत्रों की माने तो इस दिशा में अभी ठोस कार्रवाई न हो पाने से कैमरे पूरी तरह संचालित नहीं हो सके हैं।
अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से खराब कैमरे बनवाने के लिए एमएस को पत्र लिखा जा चुका है, लेकिन अब तक कैमरे नहीं बन सके हैं। किसी भी घटना पर पुलिस सहित अन्य लोग सीसीटीवी फुटेज की मांग करते हैं। जब तक सभी कैमरे नहीं बन जाएंगे तब तक समस्या का समाधान संभव नहीं है।-डॉ. एमए अंसारी, डिप्टी चीफ प्रॉक्टर