वाराणसी। बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल में इंटर्नशिप करने वाले एमबीबीएस के छात्र के लापता होने के तीन दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस की टीम उसको खोजने में लगी है। बीएचयू धन्वंतरि हॉस्टल के कमरा नंबर 18 में रहने वाला छात्र नवनीत पराशर नौ जून की सुबह से हॉस्टल से लापता है। मामले में गुमशुदगी दर्ज कर लंका थाने की पुलिस उसकी तलाश कर रही है। हालांकि बुधवार को उसकी बाइक और चाबी मिर्जापुर में विंध्याचल में गंगा किनारे मिली थी। बिहार के गोपालगंज निवासी नवनीत आईएमएस बीएचयू में 2015 बैच का छात्र है। बीएचयू में धन्वंतरि हॉस्टल के वार्डन डॉ. आरएस मीना के मुताबिक उसका कोई पता नहीं लग पा रहा है और अब तक उनके घर के लोगों ने भी कोई संपर्क नहीं किया। उधर लंका इंस्पेक्टर भारत भूषण तिवारी ने बताया कि पुलिस टीमें छात्र की तलाश में लगी हुई हैं।