लॉटरी सिस्टम से दाखिले पर एनएसयूआई ने जताया विरोध
- फोटो : अमर उजाला
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) द्वारा संचालित सेंट्रल हिंदू गर्ल्स स्कूल और बॉयज स्कूल (सीएचएस )में होने वाले दाखिले की प्रक्रिया को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। यह विरोध सीएचएस में प्रवेश के लिए लॉटरी प्रक्रिया अपनाने पर हो रहा है। इस बार सीएचएस ने कक्षा 6 और 9 में इंट्रेंस एग्जाम की जगह लॉटरी सिस्टम से दाखिला कराए जाने की बात कही है।
कोरोना काल में लॉटरी सिस्टम अपनाया गया था। इस बार कक्षा 6 और 9 में भी दाखिले के लिए लॉटरी सिस्टम की बात सामने आने पर एनएसयूआई ने विरोध जताया है। शनिवार को एनएसयूआई बीएचयू इकाई के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने वीसी कार्यालय पर लॉटरी सिस्टम के विरोध में एक ज्ञापन सौंपा।
सीएचएस की विश्वसनीयता और प्रतिष्ठा पर सवालिया निशान
कहा कि इस तरह की प्रणाली सीएचएस प्रवेश प्रक्रिया की विश्वसनीयता और प्रतिष्ठा पर सवालिया निशान खड़ा करती है, हम छात्रों का भविष्य जुए में दांव पर नहीं लगा सकते। इस तरह की खोखली और भ्रष्ट प्रणाली को खत्म किया जाना चाहिए जिससे कि प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता आए। कुलपति से मांग किया कि सीएचएस प्रवेश परीक्षा को पुनः बहाल किया जाए जिससे कि छात्रों का भविष्य दांव पर न लगे। यदि 48 घंटे में इस मांग पर कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया तो हम सभी आंदोलन करने को बाध्य होंगे।