काशी हिंदू विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए सीट आवंटन की विंडो शुक्रवार को लॉक हो गई। साथ ही अभ्यर्थियों की ओर से आवंटित सीट के लिए स्वीकृति देने की समय सीमा भी समाप्त हो गई। अब अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाणपत्रों का ऑनलाइन सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन में दस्तावेज सही मिलने पर अभ्यर्थी को फीस जमा करने के लिए लिंक भेजा जाएगा। फीस जमा करने के बाद एडमिशन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
बीएचयू और उससे संबद्ध चार महाविद्यालयों की लगभग 8500 सीटों पर प्रवेश के लिए 11 जून से सीट आवंटन शुरू हुआ था। आवंटित सीट पर छात्र-छात्राओं की स्वीकृति और दस्तावेज वेरिफिकेशन के साथ फीस भुगतान का काम साथ-साथ शुरू हुआ था।
पहले दिन कुछ तकनीकी दिक्कतों के कारण एडमिशन प्रक्रिया धीमी रही। इस बीच बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं लॉगिन करने से वंचित रह गए। वंचित छात्र-छात्राओं की मांग पर बीएचयू ने सीट स्वीकृति और फीस भुगतान की तिथि बढ़ा दी।
बढ़ी तिथि के मुताबिक शुक्रवार को दिन में 11:59 बजे आवंटित सीट पर अभ्यर्थियों की ओर से स्वीकृति प्रदान करने की समय सीमा भी समाप्त हो गई। इसके बाद अभ्यर्थियों के शैक्षणिक दस्तावेज का सत्यापन शुरू हो गया। सत्यापन में दस्तावेज सही मिलने पर अभ्यर्थी को फीस जमा करने का लिंक उसके पोर्टल पर भेजा गया।