अमर उजाला द्वारा प्रायोजित, 99वीं अखिल भारतीय ट्रेडर्स कप हॉकी प्रतियोगिता में पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) वाराणसी मंडल की टीम ने जीत से शुरूआत की। नैनीताल के डीएचए स्टेडियम में खेले जा रहे पहले मुकाबले में वाराणसी मंडल ने दिल्ली को एक गोल से हराया।
खेल शुरू होते ही एनईआर और दिल्ली के खिलाड़ियों ने आक्रामक अंंदाज दिखाना शुरू किया। दिल्ली की टीम ने आठवें मिनट में पूर्वोत्तर रेलवे के गेल पोस्ट पर खतरनाक मूव बनाया लेकिन गोलकीपर सतीश नारायण सिंह ने बेहतरीन बचाव कर गोल की संभावना खत्म कर दी। इसके बाद दोनों टीमें हाफ टाइम तक बराबरी पर रहीं। दूसरे हाफ में खेल शुरू होने पर दोनों टीमों ने जोर आजमाइश की लेकिन कोई भी गोल नहीं कर सकी। 52वें मिनट में संदीप सिंह के सटीक पास पर अमित कुमार ने गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। खेल समाप्त होने तक विपक्षी टीम ने जवाबी हमले किए, लेकिन सतर्क गोलकीपर गोल की संभावना पर रोक लगाने में कामयाब रहे। वाराणसी हॉकी टीम के खिलाड़ी अतुलदीप और संजय यादव ने शानदार खेल का परिचय दिया। अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता 8 जून से खेली जा रही है।