आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति पर विकिपीडिया द्वारा टिप्पणी करने का विरोध छात्रों ने तेज कर दिया है। ऑनलाइन हस्ताक्षर अभियान में जहां सात हजार से अधिक छात्रों ने अपना विरोध दर्ज कराया है, वहीं बीएचयू समेत विभिन्न जगहों से बड़ी संख्या में छात्रों ने आयुष मंत्री को ई मेल भेजकर इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।
आयुर्वेद के छात्र और लेखक आकाश उपाध्याय ने बताया कि विकिपीडिया द्वारा आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति को अवैज्ञानिक बताने के साथ ही कई तरह की टिप्पणियां की गई है, जो कि गलत है। बताया कि ऑनलाइन मुहिम से रोजाना शिक्षक, छात्र सहित अन्य लोग जुड़ते जा रहे हैं। अब तक करीब 7000 से अधिक छात्र विरोध दर्ज करा चुके हैं, जबकि बड़ी संख्या में छात्रों ने ई मेल भेजकर आयुष मंत्री से इस पूरे मामले पर विकिपीडिया पर कार्रवाई की मांग की है। आकाश ने बताया कि आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति को कोरोना काल में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए उपयोगी माना गया है और इस पर रिसर्च भी हो रहा है। ऐसी स्थिति में आयुर्वेद पर टिप्पणी को लेकर लोगों में खासा नाराजगी है।