काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्नातक प्रथम वर्ष में मंगलवार से प्रवेश शुरू हो जाएगा। इसके लिए बीए, बीएससी में दो-दो जबकि बीकाम के लिए एक काउंटर बनाया गया है। सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक छात्र-छात्राओं की काउंसिलिंग की जाएगी। कॉलेज प्रशासन ने सोमवार को दोपहर में तैयारियों को अंतिम रूप दिया। महाविद्यालय में विभिन्न विषयों में कुल 1740 सीटें हैं। जिसके सापेक्ष दो हजार आवेदन आए हैं।
प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन लेने के बाद महाविद्यालय में मंगलवार से काउंसिलिग शुरू हो जाएगी। प्राचार्य प्रो. रमेश चंद्र यादव ने बताया कि छात्र- छात्राओं की सुविधा के लिए कला संकाय के लिए दो समिति ( छात्र और छात्राओं के लिये अलग-अलग), विज्ञान संकाय के लिए दो समिति (एक समिति गणित वर्ग और एक समिति बायो वर्ग) के लिए बनाई गई है। वाणिज्य संकाय के प्रवेशार्थियों के लिए एक अलग समिति बनाई गई है। कुल पांच समितियां अलग-अलग निर्धारित स्थलों पर बैठकर काउंसिलिंग करेगी।
समितियों के सदस्य प्रवेश के लिए उपस्थित छात्र-छात्राओं के काउंसिलिंग फॉर्म के साथ समस्त शैक्षणिक प्रमाण पत्रों, एंटी रैगिंग शपथ पत्र, स्थानांतरण प्रमाणपत्र एवं चरित्र प्रमाण पत्र की जांच कर प्रवेश की संस्तुति देंगें। प्रवेश समिति छात्र-छात्राओं को आवंटित उनके मेजर, माइनर और कौशल विकास का भी परीक्षण करेगी। प्राचार्य ने बताया कि आंतरिक गेट पर उपस्थित प्रशासनिक समिति के सदस्य नए छात्र -छात्राओं को काउंसिलिंग लेटर देखकर ही समिति के समक्ष जाने की अनुमति देंगे।
छात्र-छात्राओं को अपने ऑनलाइन आवेदन फार्म की हार्ड कॉपी के साथ सभी शैक्षिक प्रमाण पत्र की छाया प्रति, मूल प्रति प्रवेश समिति के समक्ष अवश्य प्रस्तुत करनी है अन्यथा उनका प्रवेश संभव नहीं होगा। विद्यार्थी अपने साथ पांच पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ भी लेकर आएंगे सभी छात्रों को समय से उपस्थित रहने के लिए कहा गया है।
किस वर्ग में कितनी सीटें
बीए- 840
बीएससी बायोलॉजी- 360
बीएससी मैथ- 300
बीकाम- 240