20 नवंबर को जैतपुरा थाना अंतर्गत गोलगड्डा के पास मालगोदाम में रघुनाथपुर निवासी जग्गन यादव का सिर कूंचा हुआ शव बरामद हुआ था। डीसीपी काशी जोन आरएस गौतम ने बताया कि जैतपुरा थाने की पुलिस ने सर्विलांस और सीसी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपी सोनू, सैफू, मोहम्मद रियाज और 16 वर्षीय बाल अपचारी को चिह्नित हुआ। सोनू, सैफू और किशोर ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने उसी रात पैसे के लिए जग्गन के अलावा एक और व्यक्ति के सिर पर पत्थर से वार किया था। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इसकी शिनाख्त अब तक नहीं हुई है।
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार सोनू और सैफू ने बताया कि मालगोदाम में सभी ने गांजा पिया। जब उनका पैसा खत्म हो गया तो रात 9 बजे के करीब गोलगड्डा की ओर से आ रहे लोगों से पैसे छीनने की योजना बनाई। इस दौरान मालगोदाम की ओर से जा रहे जग्गन यादव से लूट करने की कोशिश की। जग्गन लड़ने लगा। इस दौरान पास में रखी बल्ली उठाकर उसके सिर पर मार दिया। मौके पर ही जग्गन की मौत हो गई। जग्गन के जमीन पर गिरने के बाद सभी ने उसके शर्ट की तलाशी ली लेकिन पैसा नहीं मिला। नशे में धुत चारों नशेड़ी रात में घर चले गए। जिसके बाद दोबारा सभी बाहर निकले और किसी दूसरे व्यक्ति से लूट की योजना बनाई। रात करीब साढ़े तीन बजे चारों गोलगड्डा तिराहे की ओर से नेशनल इंटर कॉलेज की ओर बढ़े। इस दौरान एक व्यक्ति को रोक कर सभी उसके जेब से पैसा निकालने लगे। दूसरे व्यक्ति को भी चारों ने सिर और चेहरे पर वार कर मौत के घाट उतार दिया। इस दौरान उसकी जेब से दो सौ रुपये लूट लिए।