वाराणसी। दशाश्वमेध क्षेत्र में एक साड़ी दुकान मालिक ने सेल्समैन मोहित को वेतन विवाद में पीटा और गाली-गलौज की। आरोप है कि दुकान मालिक ने मोहित वर्मा का सिर फोड़ दिया। घटना से आक्रोशित परिजनों और अन्य लोगों ने दुकान के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। शाम को धरना भी दिया। गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजनों को पुलिस ने किसी तरह समझा बुझाकर शांत कराया। आरोपी दुकानदार के खिलाफ दशाश्वमेध थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। लक्सा थाना क्षेत्र के रामापुरा निवासी पीड़िता नीतू वर्मा ने पुलिस को बताया कि बेटा मोहित हेमनदास एंड ब्रदर्स की साड़ी दुकान में सेल्समैन है। 17 सितंबर की शाम छह बजे मोहित दुकान पर वेतन लेने गया था। आरोप है कि हिसाब के दौरान दुकान मालिक नितेश नरसिंहानी ने मोहित के साथ मारपीट की। मोहित के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। नितेश ने मोहित को जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। परिजनों को आश्वस्त किया गया कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो