वाराणसी। फीस वृद्धि के खिलाफ शुक्रवार की दोपहर सुधाकर महिला महाविद्यालय की छात्राएं का गुस्सा फूट पड़ा। छात्राओं ने पांडेयपुर-काली मंदिर मार्ग पर जाम लगाकर कालेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वे स्नातक कक्षाओं में परीक्षा फार्म शुल्क की बढ़ी हुई दरों को वापस
लेने की मांग कर रही थीं। मौके पर पहुंची कैंट पुलिस ने महाविद्यालय प्रबंधन की मौजूदगी में छात्राओं से वार्ता कराकर जाम खत्म कराया। महाविद्यालय प्रबंधन ने भरोसा दिलाया कि परीक्षा शुल्क को लेकर छात्राओं के बीच हुई गलतफहमी दूर कर ली जाएगी।
फीस वृद्धि के खिलाफ सुधाकर महिला महाविद्यालय की छात्राएं दिन के करीब 11बजे कक्षाओं से निकल कर सड़क पर उतर आईं। इस दौरान पांडेयपुर चौराहे के पास काली मंदिर मार्ग पर सैकड़ों की संख्या में छात्राओं ने जाम लगा दिया। छात्राओं का कहना था कि पिछले साल 500 रुपये परीक्षा फार्म शुल्क लिया गया था। इस बार इस दर में इजाफा करते हुए एक हजार रुपये लिया जा रहा है। इस मनमानी को बर्दाश्त नहीं
किया जाएगा। करीब घंटे भर तक जाम लगने से इस मार्ग की पटरियों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जानकारी मिलने पर पहुंचे कैंट के इंस्पेक्टर विपिन राय ने महाविद्यालय के व्यवस्थापक अशोक पांडेय को बुलवाया। व्यवस्थापक ने बताया कि परीक्षा फार्म शुल्क में पूर्व की ही व्यवस्था लागू रहेगी।