काशी में बाबा विश्वनाथ के दरबार में आध्यामिकता और आधुनिकता का अनूठा संगम तैयार किए जाने की योजना है। काशी में वेदपाठ का ज्ञान ले रहे बटुकों को हाईटेक करने के लिए काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास अंग्रेजी और कंप्यूटर का भी प्रशिक्षण देगा।
बनारस आने वाले विदेशी श्रद्धालुओं की सहूलियत और बटुकों को विदेशों तक में रोजगार परक बनाने के लिए यह पहल की जा रही है। देव दीपावली पर यह योजना पूरी तरह से मूर्त रूप ले लेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी कौशल विकास योजना को काशी विश्वनाथ मंदिर विस्तारीकरण में शामिल किया जा रहा है।
बांस फाटक स्थित यूपीका भवन में बटुकों को हाईटेक बनाने के प्रशिक्षण की तैयारी की जा रही है। प्रशिक्षित बटुकों से विदेशों में बैठे लोग ऑनलाइन कर्मकांड और पूजा पाठ भी करा सकेंगे। उन्हें विदेशों और प्रदेश से बाहर भी रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।