मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र की सपा सांसद प्रिया सरोज ने सोमवार को बड़ागांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव को जल्द ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का दर्जा मिलेगा। इसके बाद यहां ओपीडी के साथ ही जांच और इलाज की सुविधाओं में भी विस्तार हो जाएगा। यह स्वास्थ्य केंद्र बाबतपुर एयरपोर्ट के नजदीक है। इस वजह से सीएचसी में अपग्रेड होने के बाद एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों को इमरजेंसी की स्थिति में चिकित्सकीय सुविधा पाना पहले से आसान हो जाएगा। मछलीशहर से सपा सांसद प्रिया सरोज ने सोमवार को सीएमओ डॉ. एनपी सिंह के साथ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर सुविधाओं का जायजा लिया।
बाबतपुर एयरपोर्ट के नजदीक में बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का विस्तार एयरपोर्ट के सीएसआर फंड से कराया जा रहा है। सांसद ने कहा कि पीएचसी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में अपग्रेड करने का आदेश पहले ही जारी हो चुका है। ऐसे में यहां जल्द चिकित्सा अधिकारियों की तैनाती कर स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्रीय लोगों को इसका लाभ मिल सके। सीएमओ ने सांसद को बताया कि अस्पताल में महिला चिकित्सक और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की तैनाती की जा चुकी है। बाल रोग विशेषज्ञ पहले से तैनात हैं। उन्होंने प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए शासन स्तर पर पैरवी करने का अनुरोध सांसद से किया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. शेर मोहम्मद ने स्वास्थ्य केंद्र को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर संचालित करने का प्रस्ताव रखा। इस पर सांसद ने कहा कि यदि कोई संस्था कम खर्च या न्यूनतम शुल्क पर अस्पताल का संचालन करना चाहती है तो इस पर विचार किया जा सकता है। निरीक्षण के दौरान मनोज यादव, कमलेश पटेल, डॉ. बंसलाल पटेल, डॉ. विनोद भास्कर, सूरज सरोज, रवींद्र यादव आदि मौजूद रहे।