जा रहा था दिल्ली, काठमांडू से वाराणसी पहुंचा था, दूतावास से संपर्क में हैं अधिकारी
कहा, दिल्ली एयरपोर्ट पर क्यों नहीं रोका, सुरक्षा एजेंसियों ने की पूछताछ
संवाद न्यूज एजेंसी
बाबतपुर। एयर इंडिया के विमान से दिल्ली जाने के लिए बुधवार को लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे अमेरिकी नागरिक के पास से सीआईएसएफ ने सेटेलाइट फोन बरामद किया। सेटेलाइट फोन को जब्त कर यात्री को जवानों ने हिरासत में लिया। फूलपुर पुलिस समेत अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने यात्री से पूछताछ की। दूतावास से संपर्क किया गया है। यात्री की पहचान अमेरिका निवासी ब्रायन स्टीवर के रूप में हुई है। ब्रायन बुधवार दोपहर 12.50 बजे एयर इंडिया के विमान एआई 405 से दिल्ली जाने के लिए बाबतपुर एयरपोर्ट पर पहुंचा। एयरलाइंस काउंटर से बोर्डिंग पास लेने के बाद एसएचए होल्ड एरिया में सीआईएसएफ की टीम ने उसके लगेज की जांच की। सेटेलाइट फोन मिलते ही उसे अन्य यात्रियों से अलग किया गया। अधिकारियों ने पूछताछ के बाद यात्री को फूलपुर पुलिस को सौंपा।
एडीसीपी गोमती आकाश पटेल, एलआईयू समेत अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने यात्री से पूछताछ शुरू की। ब्रायन ने अपने दूतावास को सूचना दी कि सेटेलाइट फोन मिलने पर उसे यात्रा से रोक दिया गया है। ब्रायन ने पुलिस कोे बताया कि वह एक पर्वतारोही है। 11 अक्तूबर को यूएई के विमान से दिल्ली पहुंचा था, जिसके बाद काठमांडू में पहाड़ी यात्रा के लिए पहुंचा। लगभग 20 दिन बाद काठमांडू से यूएई रवाना होने के लिए वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचा था। वहीं, यात्री अपने साथ सेटेलाइट फोन ले जाने या फिर कूरियर करने पर अड़ा रहा। यात्री ने बताया कि सेटेलाइट फोन बहुत महंगा है। पुलिस अधिकारियों ने उसे बताया कि भारत में यह सेटेलाइट फोन प्रतिबंधित है। सुरक्षा अधिकारियों ने देर रात तक उससे पूछताछ की और समझते रहे कि केस दर्ज किया जाए या नहीं।
दिल्ली कस्टम जांच में हुई लापरवाही
यात्री ने पुलिस टीम से कहा कि दिल्ली कस्टम ने जांच में लापरवाही बरती है। उसी समय क्यों नहीं मना किया गया कि सेटेलाइट फोन प्रतिबंधित है। वाराणसी एयरपोर्ट के कस्टम और सीआईएसएफ अधिकारियों की सतर्कता इस बात का प्रमाण है कि यहां मुस्तैदी ज्यादा है।