15 से 18 अक्तूबर तक आयोजित होने वाले फिल्म फेस्टिवल में भारत समेत 14 देशों की 75 फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। नागरी नाटक मंडली में होने वाले चार दिवसीय आयोजन में हिंदी, मराठी, तमिल, तेलगू के साथ ही विदेशी फिल्में दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।
मणिकर्णिका अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में जोसेफ और आईएम शीमेल हिंदी भाषी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र होंगी। 15 से 18 अक्तूबर तक आयोजित होने वाले फिल्म फेस्टिवल में भारत समेत 14 देशों की 75 फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। नागरी नाटक मंडली में होने वाले चार दिवसीय आयोजन में हिंदी, मराठी, तमिल, तेलगू के साथ ही विदेशी फिल्में दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।
विज्ञापन
मणिकर्णिका इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ट्रस्ट और बीएचयू के पुरा छात्र सुमित मिश्र ने बताया कि बनारस के दर्शकों की नब्ज टटोलने के लिए पहली बार यह आयोजन किया जा रहा है। बनारस को लेकर फिल्म मेकर्स में जो भाव है उसी का परिणाम यह फिल्म फेस्टिवल है। सुब्रत दत्ता की जोसेफ, सौ से अधिक पुरस्कार जीत चुकी और बनारस में ही बनी आईएम शीमेल, कोविड पर आधारित संजय मिश्रा की अंडमान, गौरव मरदान की बारह बाई बारह प्रमुख फिल्में हैं।
उन्होंने बताया कि दक्षिण भारत की दहनम, अन्नू कपूर की शार्ट फिल्म और प्रशांत नारायण की ट्रस्ट मी का भी प्रदर्शन होगा। बनारस फिल्म फेस्टिवल के जरिए एक प्रयास है कि हर फिल्म मेकर आने वाले समय में इस आयोजन के लिए अपनी तारीख पहले से तय कर ले। चार दिवसीय समारोह में दो हाल में दो फिल्मों का साथ-साथ प्रदर्शन होगा। आयोजन के दौरान श्रुति उल्फत, अंकित सिवाच, निर्देशक सीमा देसाई, जैन देशमुख, पद्मश्री सोमा घोष भी शामिल होंगे। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि अभिनेता संजय मिश्र होंगे। भारत के अलावा अमेरिका, स्पेन, उज्बेकिस्तान, टर्की, फिलीपींस, यूनाइटेड किंगडम, स्विट्जरलैंड, रूस, पुर्तगाल, फ्रांस, कनाडा, आस्ट्रिया की फिल्मों का प्रदर्शन होगा।