जिले के सभी केंद्रीय विद्यालयों में इस सत्र के 3 से 6 साल उम्र के बच्चों को बाल वाटिका में प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए सभी केंद्रीय विद्यालयों में बाल वाटिका का निर्माण कराया जा रहा है। अप्रैल से इसमें प्रवेश शुरू होंगे। छावनी स्थित केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. चंद्र भूषण प्रकाश वर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत केंद्रीय विद्यालयों में बाल वाटिका विकसित की जा रही है। इसमें 3-6 वर्ष के छोटे बच्चों के लिए एक खेल-आधारित पूर्व-प्राथमिक शिक्षा दी जाएगी। इसका उद्देश्य खेल गतिविधियों, कला और कहानियों के माध्यम से बच्चों का शारीरिक, मानसिक, संज्ञानात्मक और भावनात्मक विकास करना है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में बाल वाटिका का निर्माण कराया जा रहा है। अप्रैल में इसमें प्रवेश होगा। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।