हजरत इब्राहीम अलैहिस्सलाम की याद में मंगलवार को बकरीद का पर्व पूरे जोशोखरोश के साथ मनाया जाएगा। मंगलवार को जहां ईदगाहों में सजदे में सिर झुकेंगे, वहीं अल्लाह की राह में कुरबानी की जाएगी। ईदगाहों व मस्जिदों में ईद-उल-अजहा की नमाज अदा होगी, वहीं इसके बाद घरों में कुरबानी पेश की जाएगी। इस लिहाज से सोमवार को मुस्लिम घरों में तैयारियां जोर-शोर से होती रहीं।
देर रात तक जहां बेनियाबाग स्थित बकरा मंडी गुलजार रही, वहीं दालमंडी और नई सड़क व दशाश्वमेध समेत बड़ी बाजार व मदनपुरा जैसे मुस्लिम बाहुल इलाके रौशन रहे। बकरीद के एक दिन पहले सोमवार को बेनियाबाग स्थित बकरा मंडी में लोगों की भीड़ देर रात तक लगी रही। आखिरी दिन था इसलिए मंडी में जबरदस्त बिक्री हुई। अंतिम दिन चार हजार से लेकर 20 हजार तक के बकरों की खरीदारी सबसे ज्यादा हुई। इटावा, मैनपुरी, एटा, गोरखपुर, आजमगढ़, मऊ से यहां बकरे लाए गए थे। उधर बकरीद की नमाज के मद्देनजर ईदगाहों व मस्जिदों में भी तैयारियां पूरी कर ली गईं। साफ-सफाई के साथ वजू वगैरह के लिए पानी का इंतजाम कर लिया गया है।
बकरीद पर्व को देखते हुए नगर निगम ने शहर के मुस्लिम बहुल इलाकों में सफाई के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया है। इसके लिए अलग से सफाई कर्मियों की नियुक्ति की गई है। अपर नगर आयुक्त बीके द्विवेदी ने बताया कि भदऊं चुंगी के समीप लीदा-पचौनी को फेंकने के लिए दो बड़े गड्ढे खोदे गए है। मलबे को उठाने के लिए सात कांपैक्टर, 20-20 टैक्टर, हापर और पांच डंपर के साथ जेसीबी को लगाया गया है। साथ ही सफाई इंस्पेक्टरों, निरीक्षकों और जोनल अधिकारियों को भी निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने इलाके में सफाई व्यवस्था रखें। नगर स्वास्थ्य अधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि लापरवाही करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।