साक्षी को बधाइयां देते परिवार के लोग।
बिटिया की मेहनत ने अपने परिवार ही नहीं, कॉलेज और पूरे क्षेत्र का मान बढ़ा दिया। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में किसान इंटर कॉलेज मिर्जामुराद की छात्रा साक्षी मिश्रा विज्ञान वर्ग से 94.67 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले की टॉपर बनीं। महमूरगंज के शीलनगर निवासी शिक्षक श्याम राज और गृहिणी सुमन मिश्रा की सुपुत्री साक्षी आगे चलकर प्रोफेसर बनना चाहती हैं। फिलहाल उनका लक्ष्य 12वीं में प्रदेश की टॉपर बनने का है। बताया कि हाईस्कूल में प्रदेश के टॉपरों की सूची में नाम न आने का मलाल है लेकिन मेरी पूरी कोशिश होगी कि 12वीं में अपने इस लक्ष्य को हासिल करूं। महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन साक्षी के आदर्श हैं। संस्कृत उनका सबसे पसंदीदा विषय है।
रविवार को माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से दोपहर साढ़े बारह बजे जैसे ही हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणाम की घोषणा हुई, वैसे ही मेधावियों के चेहरे खिल उठे। दसवीं, बारहवीं के विद्यार्थी एक-दूसरे को फोन कर अंकों के साथ ही जिले के टॉप टेन में आने वाले विद्यार्थियों के नाम जानने में लग गए। इस बीच महमूरगंज निवासी साक्षी मिश्रा के जिला टॉपर होने की सूचना मिलने के बाद बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया। साक्षी के परिवार की खुशियां देखते बनीं। साक्षी ने सबसे पूजा-अर्चना की। फिर माता-पिता और गुरुजनों का आशीष लिया। परीक्षा में साक्षी ने 600 में 568 नंबर प्राप्त किए हैं। हिंदी में 95, अंग्रेजी 98, गणित 98, विज्ञान 85, सामाजिक विज्ञान 93 और संस्कृत में 99 नंबर प्राप्त किया है। पांच से छह घंटे की नियमित पढ़ाई करने वाली साक्षी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया।
जिले में हाईस्कूल की टॉपर साक्षी मिश्रा को भागवत गीता के 18वें अध्याय के सभी 78 श्लोक कंठस्थ हैं। किसान इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य शिवराज मिश्र ने बताया कि वार्षिक शैक्षणिक निरीक्षण करने आई टीम के सामने साक्षी ने गीता के श्लोक सुनाए। निरीक्षक ने साक्षी को एक पेन भेंट करते हुए कहा था कि तुम जरूर टॉप करोगी।