विश्वसुंदरी पुल पर बाइक खड़ी कर बुधवार को गंगा में कूदे युवक का शव तीसरे दिन शुक्रवार को गंगा में उसी जगह उतराया मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। भीटी चौकी पुलिस के अनुसार राहनिया थाना क्षेत्र के जफराबाद निवासी अविनाश वर्मा(30) बेरोजगार होने के कारण अवसाद ग्रस्त रहता था। परिवारिक तनाव के कारण उसने ऐसा कदम उठाया।
जंसा थाना क्षेत्र के तेंदुई (पतेरवा) गांव में गुरुवार शाम एक विवाहिता ने जहर खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे जंसा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तेंदुई (पतेरवा) गांव निवासी विनोद प्रजापति की शादी 14 अप्रैल 2016 को जौनपुर के जलालपुर थाना क्षेत्र के डेंगुरपुर गांव निवासी कृपाशंकर प्रजापति की बेटी रानी प्रजापति से हुई थी। उसके दो बेटे हैं। पति मजदूरी करता है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
नागेपुर नहर के पास बुधवार रात ऑटो सवार 4 लोगों ने चालक को धक्का देकर उसका मोबाइल व पर्स छीन लिया। साथ ही ऑटो भी ले गए। पीड़ित राजकुमार यादव ने कछवां बाजार निवासी विक्की मोदनवाल और खजूरी पुलिस चौकी को सूचना दी। पीड़ितति ने बताया कि वह कछवा रोड की तरफ जा रहा था। राजातालाब, भिखारीपुर के पास खड़े चार लोगों ने नागेपुर जाने की बात कही और ऑटो में बैठ गए। फिर नागेपुर नहर के पास धक्का देकर ऑटो लेकर भाग गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद