बीएचयू में दुग्ध विज्ञान एवं खाद्य प्रौद्योगिकी विभाग में डेयरी प्रौद्योगिकी और खाद्य प्रौद्योगिकी में बीटेक कोर्स की शुरुआत की जा रही है। चार वर्षीय पाठ्यक्रम में इसी सत्र 2021-22 से दाखिले की प्रक्रिया शुरू होगी। 30-30 सीट पर होने वाला दाखिला प्रवेश परीक्षा के माध्यम से होगा।
बीएचयू कृषि विज्ञान संस्थान की ओर से चलाए जाने वाले विभाग के अध्यक्ष प्रो. डीसी राय ने बताया कि दोनों अभिनव एवं व्यवसायिक कोर्स, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की ओर से संस्तुत पाठ्यक्रम और दिशा निर्देशाें के अनुसार ही संचालित किए जाएंगे। बीएचयू कृषि विज्ञान संस्थान को उत्कृष्ट संस्थान का दर्जा भी परिषद की ओर से दिया गया है। नए पाठ्यक्रमों के शुरू होने से संस्थान की गरिमा और रैकिंग भी बढ़ेगी।
पिछले साल दिसंबर में शुरू हुई प्रक्रिया
विभागाध्यक्ष ने बताया कि देश में डेयरी एवं खाद्य उद्योग लगभग 20 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है और इन दोनों क्षेत्रों में कुशल स्नातकों की काफी मांग है। इन्हीं बातों की ध्यान में रखकर विभाग ने दोनों विषयों में बीटेक कोर्स शुरू करने का विचार किया। इसकी प्रक्रिया भी दिसंबर में शुरू हुई। विभाग की बोर्ड ऑफ स्ट्डीज कमेटी ने 23 दिसंबर 2020 को इस प्रस्ताव को स्वीकृत किया। इसके बाद संकाय स्तर की कमेटी ने 15 जनवरी को अपनी स्वीकृति दे दी। अब 21 जून को कुलपति ने भी दोनों पाठ्यक्रमों को 2021-22 से शुरू करने की स्वीकृति दी है।