आजमगढ़ में वांछित अभियुक्तों की तलाश में निकली स्वाट व देवगांव कोतवाली पुलिस की शुक्रवार देर शाम को बदमाशों से मुठभेड़ हुई। इसमें एक बदमाश जहां गोली लगने पर पकड़ा गया, वहीं दो अन्य मौके से भाग निकले। गिरफ्तार बदमाश चर्चित दूल्हा हत्याकांड में भी वांछित था। मुठभेड़ में एक बदमाश को पकड़ने पर एसपी ने पुलिस टीम को 10 हजार रुपये का इनाम दिया है।
देवगांव कोतवाली, स्वाट व सर्विलांस टीम वांछितों की तलाश में शुक्रवार को क्षेत्र में चक्रमण कर रही थी। इसी दौरान टीम जब बनारपुर गांव के पास पहुंची तो एक बुलेट से तीन युवक जाते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने इन्हें रुकने का इशारा किया तो तीनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर झोकना शुरू कर दिया। पुलिस टीम ने खुद का बचाव करते हुए बदमाशों की घेराबंदी करने का प्रयास कर जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश जहां घायल होकर गिर पड़ा तो वहीं उसके दो साथी मौके से भाग निकलने में सफल हुए।