दिल्ली के मरकज से आकर आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर के एक मस्जिद में छिपकर रहने वाले सात बाहरी प्रदेश के जमातियों समेत नौ लोगों पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। इसमें तीन जमाती कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, जो इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं। इन जमातियों को घर भेजने से पूर्व इनके खिलाफ मुबारकपुर थाने में दर्ज रिपोर्ट के संबंध में बृहस्पतिवार को पुलिस ने इनका बयान दर्ज किया। ताकि पुलिस के पास इनके विषय में संपूर्ण जानकारी मौजूद रहे।
प्रभारी निरीक्षक मुबारकपुर अखिलेश मिश्रा के मुताबिक जिनका बयान दर्ज हुआ उसमें आंध्र प्रदेश के राजा मंडी निवासी अब्दुल रऊफ, गाजीयाबाद के भोजपुर के नदाली के रहने वाले मो. मुजम्मिल, यहीं के अब्दुल कलाम, भोजपुर (बिहार) के नंगोला के नदली निवासी अकील अहमद, मो. इरशाद, हरिद्वार रुड़की तहसील के भगवानपुर निवासी आशिफ, तेलंगाना के निजामाबाद के रहने वाले सैय्यद अतिकुर्रहमान सहित अन्य शामिल हैं।
सीओ सदर मो. अकमल खां ने बताया दिल्ली के मरकज में भाग लेने के बाद सभी ट्रेन से आजमगढ़ आए। यहां मुबारकपुर के एक मस्जिद में छिपे हुए थे। सभी की तलाश कर जांच कराई गई तो तीन कोरोना के संक्रमण से ग्रसित थे। सघन इलाज के बाद हालत में सुधार होने पर सभी को रानी की सराय चेकपोस्ट के पास एपीएस स्कूल में रखा गया है। इनके विरुद्ध मुबारकपुर थाने में केस दर्ज है। इन सभी लोगों के घर जाने से पहले सभी का विधिवत पता नोट करते हुए बयान दर्ज किया गया। जल्द ही यह सभी लोग अपने घर चले जाएंगे।