शिवपुर स्थित केंद्रीय कारागार वाराणसी में आयोजित जेल प्रीमियर लीग (जेपीएल) में रविवार को क्रिकेट का रोमांच देखने को मिला। रविवार को दो मैच खेले गए। पहले मुकाबले में काशी नाइट राइडर्स और फ्रीडम फाइटर्स रायल्स आमने-सामने रहीं। टॉस जीतकर फ्रीडम फाइटर्स राॅयल्स ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। काशी नाइट राइडर्स की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम मात्र 11 रन पर अपने तीन अहम विकेट गंवा बैठी। लोकेश कुमार ने 23 गेंदों में छह छक्के और चार चौकों की मदद से 46 रन की पारी खेली। टीम को 11.4 ओवर में 118 रन तक पहुंचा दिया। जवाब में फ्रीडम फाइटर्स राॅयल्स के ओपनर अवधेश कुमार और धर्मेंद्र मिश्रा ने तूफानी बल्लेबाजी की। दोनों ने सात ओवर के भीतर बिना विकेट खोए 100 से ज्यादा रन जोड़ दिए। अवधेश कुमार ने 23 गेंदों पर चार छक्के और चार चौकों की मदद से नाबाद 54 रन बनाए। टीम ने लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। अवधेश कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरा मुकाबला डिसिप्लिन डेयर डेविल्स और वाराणसी जेल सुपर किंग्स के बीच खेला गया। टॉस जीतकर डिसिप्लिन डेयर डेविल्स ने बल्लेबाजी की। ओपनर प्रेमचंद मौर्या ने 10 गेंदों पर 37 रन बनाए। धनंजय सिंह ने 24 गेंदों में छह छक्के और चार चौकों की मदद से नाबाद 63 रन जड़े। निर्धारित 12 ओवरों में टीम ने 158 रन का बड़ा लक्ष्य खड़ा किया। जवाब में सुपर किंग्स की टीम 11 ओवर में 118 रन पर सिमट गई। धनंजय सिंह को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया। मैच के दौरान वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधाकृष्ण मिश्र, प्रभारी जेलर अखिलेश कुमार मिश्र मौजूद रहे।