कुत्ते को बचाने के चक्कर में हुई टक्कर, बस चालक फरार जौनपुर के चकिया धाम जा रहा था परिवार, ऑटो चालक का भी चल रहा इलाज संवाद न्यूज एजेंसी पिंडरा। फूलपुर थाने के पास शुक्रवार सुबह रोडवेज बस और ऑटो की आमने सामने की टक्कर में एक किशोर की मौत हो गई। जबकि ऑटो सवार एक ही परिवार के 6 लोग और चालक घायल हो गए। सभी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा में भर्ती कराया गया। टक्कर के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। हादसा उस समय हुआ जब परिवार ऑटो से जौनपुर के चकिया धाम जा रहा था। मौके पर पहुंची घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी रही। लोगों ने पुलिस को बताया कि एक कुत्ते को बचाने के चक्कर में ऑटो का बैलेंस बिगड़ गया था। जिसकी वजह से ऑटो रोडवेज बस से जा टकराई।
पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले किशोर की पहचान सत्यम (16) के रूप में हुई है। घायलों में चालक विकास (18), रेखा, (42), पवन (10), मृष्टि (3), सृष्टि (5), सोनम (24), प्रिया (19) शामिल हैं। रेखा के दाहिने हाथ में फ्रैक्चर है जबकि पवन के सिर में गंभीर चोट आई है। सत्यम के पिता पहले ही मर चुके हैं। घर में विधवा मां के अलावा एक छोटी बहन और दो भाई हैं। वह मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था।