अशोका इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट पहडि़या में 3139 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी
- फोटो : अमर उजाला
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से रविवार को आयोजित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा-2018 को लेकर छात्र-छात्रा बहुत उत्साहित दिखे। पहडि़या स्थित अशोका इंस्टीट्यूट आफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में बनारस और आसपास के जिलों से आए 3139 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। दो पालियों में हुई परीक्षा के लिए 9वीं, 10वीं, 11वीं और 12वीं के कुल 4719 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिसमें पहली पाली में 1448 और दूसरी पाली में 1691 ने परीक्षा दी।
छात्रवृत्ति परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों इतना उत्साहित थे कि बनारस के आसपास भदोही, चंदौली, जौनपुर आदि जिलों से अभ्यर्थी भोर में ही परीक्षा केंद्र पर अभिभावकों संग पहुंच गए। पहली पाली में 11 से 12.30 बजे तक होने वाली परीक्षा के लिए जैसे ही 9 बजे सूची चस्पा कराई गई, इसके बाद तो अपने अनुक्रमांक के हिसाब से कमरा नंबर का पता लगाने वालों की भीड़ लग गई थी।
इस दौरान प्रवेश पत्र, कमरा नंबर सहित अन्य समस्याओं का समाधान हेल्प डेस्क के माध्यम से कराया गया। पहली पाली में कक्षा 9-10 के पंजीकृत 2092 में 1448 और दूसरी पाली में 11-12वीं के 2627 में 1691 विद्यार्थी शामिल रहे। परीक्षा सकुशल संपन्न कराने में अशोका इंस्टीट्यूट के वाईस चेयरमैन अमित मौर्य के निर्देशन में अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों का सहयोग रहा।
अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा संचालित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा-2018 के पहले चरण की परीक्षा रविवार को पूर्वांचल के तीन जिलों में हुई। वाराणसी, गाजीपुर और सोनभद्र में छात्र-छात्राओं के अतुल माहेश्वरी छात्रवृति परीक्षा के इंतजार की घड़ियां समाप्त हुईं।