अर्दली बाजार स्थित कपड़े की एक दुकान में घुस कर संचालिका पर जानलेवा हमला और तोड़फोड़ की गई। हमलावर दुकान की संचालिका का मोबाइल भी उठा ले गया। पुलिस से शिकायत करने पर दुकान की संचालिका और उनके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी गई। प्रकरण को लेकर सिगरा क्षेत्र के सिंध नगर स्थित बरसाना अपार्टमेंट में रहने वाली श्रुति विज की तहरीर के आधार पर कैंट थाने में भरत मिलाप मैदान, पिपलानी कटरा क्षेत्र में रहने वाले आयुष सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
श्रुति विज ने पुलिस को बताया कि आयुष सिंह उनका पूर्व परिचित है और एक वर्ष तक दोनों एक-दूसरे के करीब रहे हैं। मंगलवार की दोपहर आयुष सिंह अर्दली बाजार स्थित उनकी कपड़े की दुकान में आया। आयुष उन्हें जबरन कहीं ले जाने का प्रयास किया। उन्होंने विरोध किया तो आयुष ने दुकान में रखी स्टील की कुर्सी और ताले से उनके सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर वार किया। आयुष के हमले से वह बेहोश होकर फर्श पर गिर पड़ीं। इसके बाद आयुष उनका लैपटॉप तोड़ कर आईफोन अपनी जेब में डाल लिया। आयुष ने दुकान से निकलते समय पुलिस से शिकायत करने पर मोबाइल में मौजूद फोटो और वीडियो वायरल करने के साथ ही जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में इंस्पेक्टर कैंट प्रभुकांत ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।