पुलिस आयुक्त ने चेताया कि बदमाश हर हाल में गिरफ्तार होने चाहिए। वहीं, पुलिसकर्मियों ने जगतपुर नहर समेत लगभग डेढ़ किमी के दायरे में पिस्टल की खोजबीन की। पुलिसकर्मियों को अनुमान है कि शायद बदमाशों ने भागते समय पिस्टल फेंक दी होगी। घायल दरोगा की तहरीर पर रोहनिया थाने में तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया।
प्रतापगढ़ के भीखमपुर निवासी 2015 बैच के दरोगा अजय यादव लक्सा थाने पर तैनात हैं। मंगलवार की देर शाम वह अपने दरेखूं स्थित निर्माणाधीन मकान पर पहुंचे थे कि तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। काफी देर तक दोनों से लड़ते रहे, तभी तीसरे बदमाश ने सीने पर गोली दाग दी। इस दौरान दरोगा की सरकारी पिस्टल और दस कारतूस, पर्स, मोबाइल लूट ले गए। रात में दरोगा का मोबाइल डेढ़ किसी दूर बरामद हुआ, जो बदमाशों ने फेंक दिया था।
लक्सा थाना में तैनात दरोगा अजय यादव को गोली मारने वाले बदमाशों की तलाश में कमिश्नरेट पुलिस की पांच टीमें ताबड़तोड़ दबिश दे रही हैं। भदोही, मिर्जापुर के अलावा जौनपुर में बदमाशों के भागने की आशंका है। चांदपुर चौराहा से लेकर रोहनिया, जगतपुर, मोहनसराय समेत हाईवे, रिंग रोड किनारे सौ से अधिक सीसी कैमरे को पुलिस टीम ने खंगाला। उधर, दरोगा की हालत अब सामान्य है। आईसीयू से वार्ड में शिफ्ट किया गया। क्राइम ब्रांच से जुड़े एक पुलिसकर्मी के अनुसार फुटेज में एक बदमाश की पहचान संभवत: हो गई है, जिसका हुलिया मिल रहा है। उससे पूछताछ जारी है।
ग्रामीणों के अनुसार दरोगा के निर्माणाधीन मकान पर अक्सर पार्टी होती थी। घटनास्थल के पास रहने वालों ने बताया कि निर्माणाधीन मकान पर काफी लोगों को आना जाना होता था। जिस जमीन पर मकान बन रहा है, उसे दो बार में खरीदा गया। पहले एक बिस्वा फिर आधा विस्वा। घटनास्थल पर डाग स्क्वाड, फोरेंसिक, बम डिस्पोजल दस्ता मौके पर पहुंचा और छानबीन की। गठित टीम में शामिल पुलिसकर्मियों के अनुसार घायल दरोगा कुछ छुपा रहे हैं, जिससे पुलिस जांच में काफी परेशानी हो रही है।
पुलिस उच्चाधिकारियों ने रोहनिया क्षेत्र में डेरा डाल दिया है। सुबह से लेकर रात तक अधिकारियों की आवाजाही घटनास्थल, थाना और आसपास इलाके में हो रही है। मंगलवार की रात से ही अधिकारियों ने कैंप कर दिया है। पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश मंगलवार की देर रात 12 बजे घटनास्थल से रवाना हुए और सुबह फिर पहुंच गए। सुबह से लेकर दोपहर बाद तक बैठक, तफ्तीश और अन्य पहलुओं पर बैठक की। क्राइम ब्रांच, सर्विलांस की टीमें अलर्टमोड में है।