सावन मेले के दौरान शिवभक्तों की निगरानी एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) के कमांडो हेलीकॉप्टर से करेंगे। कांवरिया रूट पर स्नाइपर्स भी तैनात किए जाएंगे। यह जानकारी सावन मेले की तैयारियों की समीक्षा के लिए शुक्रवार को वाराणसी पहुंचे मुख्य सचिव डॉ. अनूप चंद्र पांडेय और पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने दी।
मुख्य सचिव ने कहा, शिवभक्त उत्सव के रुप में सावन मेला मनाएंगे और सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के तहत डीजे आदि का प्रयोग करेंगे। डीजीपी ने बताया कि यातायात, सुरक्षा और अन्य विभागों के समन्वय के लिए इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम स्थापित होगा।
वाराणसी के अलावा प्रयागराज, मिर्जापुर और आजमगढ़ के प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की बैठक में मुख्य सचिव व डीजीपी ने संयुक्त रूप से कहा कि जिला और प्रदेश की खुफिया इकाइयां अतिरिक्त तौर पर सजग रहें। किसी स्तर पर चूक न होने पाए।
असामाजिक तत्वों और सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने वालों पर नजर रखी जाए। श्रद्धालुओं को जाम से बचाने के लिए शहर के साथ ही हाईवे पर यातायात और रूट डायवर्जन की व्यवस्था की जाए। वाराणसी और प्रयागराज रेंज के पुलिस अधीक्षक एक-दूसरे के संपर्क में रहेंगे।
कांवरिया रूट पर यातायात पुलिस, क्रेन और एंबुलेंस के अलावा यूपी 100 के पुलिस रिस्पांस व्हीकल पर्याप्त संख्या में लगाए जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था में एटीएस के अलावा पुलिस, पीएसी और सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात रहेंगे। गंगा में पीएसी बाढ़ राहत दल के अलावा एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के जवान तैनात रहेंगे।