वाराणसी। कंचनपुर के पेट्रोल पंप पर बिना पैसे दिए तेल लेकर भागने का विरोध करने पर मनबढ़ों ने सेल्समैन की पिटाई कर दी। कार्यालय में तोड़फोड़ भी की। पीड़ित सेल्समैन की तहरीर पर मंडुवाडीह पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। बिहार के कैमूर भभुआ निवासी सेल्समैन आत्मा पाल ने पुलिस को बताया कि शनिवार सुबह 8.30 बजे एक व्यक्ति बाइक से आया। पेट्रोल भरवाने के बाद जब उससे पैसे मांगे गए तो मारपीट करने लगा। 15 मिनट बाद आरोपी अपने 4-5 अन्य साथियों को लेकर लौटा और हमला कर दिया। हमले में सिर और सीने में चोटें आईं। उपद्रवियों ने पेट्रोल पंप के ऑफिस में घुसकर तोड़फोड़ की, मोबाइल फोन तोड़ दिया और कपड़े फाड़ डाले। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की पूरी वारदात पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। ब्यूरो