प्रशिक्षण के दौरान करते थे 588 स्कोर
कोच डॉ. रोहित सिंह ने बताया कि कमलजीत आठ अगस्त से राष्ट्रीय शिविर में प्रशिक्षण ले रहे थे। वह हर रोज सात से आठ घंटे अभ्यास करते थे। इसमें ग्रुपिंग, फोकस, समेत अन्य तकनीकी सत्रों में शामिल होते थे। वह प्रशिक्षण के दौरान 588 से 590 अंक तक स्कोर करते थे। वह वर्तमान में भारतीय सेना में हवलदार के पद पर सेवाएं दे रहे हैं। सिगरा देश का 23वां राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र है।
एथलेटिक्स में चोट के बाद शुरू की निशानेबाजी
हरियाणा के रेवाड़ी निवासी कमलजीत के लिए एशियन गेम्स तक पहुंचने का सफर आसान नहीं रहा। उन्होंने शुरुआत एथलेटिक्स में कॅरिअर बनाने से की थी, लेकिन चोट के कारण उन्हें ट्रैक छोड़ निशानेबाजी को अपनाना पड़ा। कमलजीत ने 2019 में पिस्टल शूटिंग शुरू की और 2023 जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में पुरुषों की 50 मीटर पिस्टल जूनियर स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा हाल में नई दिल्ली में हुई एशियन चैंपियनशिप में भी रजत पदक हासिल किया था।
साई में प्रशिक्षण और तकनीकी सपोर्ट से मिलता है पदक
ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी ललित उपाध्याय ने कमलजीत के चैंपियन बनने पर कहा कि साई में प्रशिक्षण और तकनीकी सपोर्ट अच्छा मिलता है इसलिए यहां के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतने में कामयाब होते है। इससे खिलाड़ियों में आत्मविश्वास बढ़ता है। वहीं, एथलेटिक्स में रिकॉर्ड बना चुके अभय दूबे ने कहा कि वाराणसी में प्रशिक्षण लेकर एशिया कप में पदक जीतकर खिलाड़ी ने यहां के खिलाड़ियों में जोश भरने का काम किया है। इससे युवा खिलाड़ियों को बेहतर करने की ललक पैदा होगी। काशी पूर्वांचल का खेल हब बन रहा है।