वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में आशुतोष पंत ने बुधवार को महाप्रबंधक का कार्यभार संभाल लिया। इससे पहले वह उत्तर रेलवे में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। मूल रूप से उत्तराखंड के खटीमा निवासी आशुतोष पंत ने वर्ष 1988 में बिरला प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान (बिट्स), पिलानी से विद्युत इंजीनियरिंग में स्नातक की उपाधि प्राप्त की। वह भारतीय रेलवे विद्युत इंजीनियरिंग सेवा (आईआरएसईई) के वर्ष 1989 बैच के अधिकारी हैं। भारतीय रेल सेवा में शामिल होने के बाद उनकी पहली नियुक्ति प्रयागराज में सहायक विद्युत इंजीनियर (रेल विद्युतीकरण) के पद पर हुई। इसके बाद उन्होंने मुख्य विद्युत सामान्य इंजीनियर, उत्तर रेलवे, उप महाप्रबंधक उत्तर रेलवे, और मंडल रेल प्रबंधक इज्जतनगर (पूर्वोत्तर रेलवे) सहित विभिन्न पदों पर सेवाएं दी हैं। ब्यूरो