वाराणसी। यूजीसी ने आर्य महिला पीजी कॉलेज में टेक्सटाइल डिजाइन और फूं ड प्रोसेसिंग कोर्स को मंजूरी दी है। बैचलर ऑफ वोकेशनल कोर्स के तहत तीन साल के डिग्री कोर्स से जहां टेक्सटाइल डिजाइन की पढ़ाई होगी। वहीं अलग-अलग इंडस्ट्रीज में जाने का मौका भी मिलेगा। इससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। यूजीसी की स्वीकृति के बाद अब कॉलेज में दाखिले की तैयारी भी शुरू हो गई है।
विद्यार्थियों को कौशल विकास से जोड़ने के उद्देश्य से विश्वविद्यालयों, कॉलेजों में वोकेशनल कोर्स चलाए जा रहे हैं। यूजीसी की ओर से स्किल बेस्ड कोर्स के तहत इसमें फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल डिजाइनिंग, इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी, फैशन डिजाइनिंग, कंप्यूटर डिजाइन सहित कई ऐसे कोर्स शुरू किए गए हैं, जिसमें डिग्री, डिप्लोमा करने के बाद रोजगार के अवसर हैं। आर्य महिला पीजी कॉलेज में मिले टेक्सटाइल डिजाइनिंग और फूड प्रोसेसिंग कोर्स में 50-50 सीट में दाखिला होगा। जिस तरह का पाठयक्रम बनाया गया है, इसमें छात्राओं को किताबी ज्ञान के साथ ही अलग-अलग इंडस्ट्रीज में भेजा जाएगा, जिससे वहां होने वाले कामकाज के बारे में जानकारी मिल सके। बनारस में जहां टेक्सटाइल संबंधी कामकाज अधिक होते हैं, ऐसे में यह कोर्स अधिक उपयोगी होगा।
यूजीसी की मंजूरी मिलने के बाद अब प्रवेश की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बनारस में टेक्सटाइल इंडस्ट्रीज से एमओयू भी किया गया है, जहां छात्राओं को प्रैक्टिकल के लिए भेजा जाएगा। इस तरह का कोर्स समय की मांग है।-प्रो. रचना दूबे, प्राचार्य