आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश में फिलहाल अकेले ही लोकसभा चुनाव लड़ने जा रही है। कुछ सीटों पर ही आप चुनौती पेश करेगी। यह बात राज्यसभा सांसद और आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह ने रविवार को वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर पत्रकारों से कही। वे अयोध्या से वाराणसी पहुंची ‘भाजपा भगाओ, भगवान बचाओ यात्रा’ का नेतृत्व कर रहे थे।
राजेंद्र प्रसाद घाट पर संकल्प के साथ इसका समापन हो गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इस बार वाराणसी से चुनाव नहीं लड़ेंगे। शत्रुधन सिन्हा को पार्टी में शामिल किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी बातचीत शुरुआती दौर में है। इस पर कोई निर्णय नहीं हो पाया है।
आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में हुए सपा-बसपा गठबंधन की तर्ज पर बिहार, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में गठबंधन हुए हैं। जिस प्रकार की परिस्थितियां देश में पैदा हो रही हैं उससे निपटने के लिए यह जरूरी भी है। राज्यसभा सांसद ने कहा कि सरकार ने 10 प्रतिशत आरक्षण के नाम पर लोगों को झुनझुना पकड़ा दिया है। महंगाई बढ़ रही है, किसान आत्महत्या कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। कहा कि अब दोबारा भारतीय जनता पार्टी सत्ता में नहीं आने वाली।
आगे कहा कि विश्वनाथ कॉरिडोर के नाम पर मंदिर तोड़ने की कवायद चल रही है। इसके लिए पीएम को पत्र लिखा गया कि काशी की विरासत को मत खत्म करिए। यहां की गलियां, मंदिर यहां की पहचान है।