वाराणसी। बीएचयू के एंफीथिएटर मैदान में बुधवार को ‘बंधुत्व कप’ फुटबाल मैच में अरुणाचल फुटबाल क्लब ने खिताब जीता। एनजीओ माई होम इंडिया और विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद की ओर से आयोजित बंधुत्व कप में अरुणाचल फुटबाल क्लब का मुकाबला पूर्वांचल वॉरियर की टीम से हुआ। अरुणाचल फुटबाल क्लब ने 3-1 से जीत दर्ज कर पूर्वांचल वॅरियर को शिकस्त दी। विजेता टीम की ओर से तै थाई ने दो गोल और मोगे लोलेन ने एक गोल दागे।
वहीं पूर्वांचल वॉरियर से पंकज गिहार ने एक गोल किया। दूसरा मुकाबला पूर्वांचल यूनाइटेड और अरुणाचल यूनाइटेड के बीच हुआ जिसमें पूर्वांचल यूनाइटेड ने अरुणाचल यूनाइटेड को 3-2 से हराया। मैच का
उद्घाटन माई होम इंडिया के संस्थापक सुनील देवधर ने किया। उन्होंने कहा कि ये मैच पूर्वोत्तर और उत्तर भारत के लोगों को एक सूत्र में बांधने का एक प्रयास है। संयोजन आलोक रंजन और सौरभ तिवारी का रहा। इस अवसर पर प्रो. आरएन सिंह, प्रो. राजेश सिंह, प्रो. आद्या प्रसाद, एमएम पाल आदि मौजूद रहे।