मानव संसाधन विकास मंत्रालय की ओर से देश भर में 22 केंद्रों पर एक साथ कराए जा रहे स्मार्ट इंडिया हैकथॉन की तर्ज पर अब आईआईटी में आर्टिफिसियल इंटेलीजेंस पर काम शुरू कराने की तैयारी चल रही है। इसके लिए शनिवार को आईआईटी बीएचयू में दिल्ली, मुंबई, पटना आदि जगहों से आए निदेशकों की बैठक में इस पर चर्चा हुई।
आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. राजीव संगल ने बताया कि गंगा की शुद्धता के साथ ही जल प्रबंधन, संरक्षण आदि मुद्दे पर हाल ही में सरकार के निर्देशन में बनी समिति ने भी काम करना शुरू कर दिया है।
अब एक मंच पर जब सभी आईआईटी इसके लिए आगे आएंगे तो एक नई तकनीक विकसित होगी, इसके बाद मंत्रालय को इसका सुझाव भेजा जाएगा। बताया कि बैठक में निदेशकों ने इस पर अपनी सहमति भी दी है। अब आगे इस मुद्दे पर पहल की जाएगी।
IIT में विदेशी छात्रों का बढ़ाया जाएगा दाखिला,
iit
देश भर के आईआईटी में अब विदेशी छात्रों का दाखिला बढ़ाया जाएगा। पीएचडी, मास्टर डिग्री में दाखिला लेने वाले विदेशी छात्रों को संस्थान की ओर से स्कॉलरशिप भी दी जाएगी।
शनिवार को आईआईटी बीएचयू में आयोजित निदेशकों की बैठक में इसका फैसला हुआ। मानव संसाधन विकास मंत्रालय के निर्देश पर आईआईटी बीएचयू में हुई बैठक में कई शिक्षा, विकास, खेलकूद आदि से जुड़े बिंदुओं पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
दोपहर बारह बजे से शुरू होकर करीब दो घंटे से अधिक समय तक चली बैठक में मुंबई, दिल्ली, गुवाहाटी, पटना समेत 11 संस्थानों के निदेशकों ने संस्थानों में विदेशी छात्रों की संख्या कम होने पर चिंता जाहिर करते हुए इसे अगले सत्र से बढ़ाए जाने का प्रस्ताव रखा, जिस पर सहमति बन गई।