आगामी चार से 10 अप्रैल तक 39 जीटीसी के स्टेडियम पर सेना भर्ती रैली होगी। 40 हजार युवा सैनिक बनने के लिए दमखम आजमाएंगे। इसकी तैयारियों के मद्देनजर मंगलवार को जिला रायफल क्लब में आयोजित बैठक में डीएम राजमणि यादव ने सुरक्षा, यातायात और पेयजल समेत अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया।
डीएम ने बताया कि भर्ती रैली में वाराणसी के 7500, चंदौली के 6500, जौनपुर के 12000, सोनभद्र के 6000, मिर्जापुर के 4500, भदोही के 3500 सहित कुल 40 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। सोल्जर जीडी, सोल्जर टेक्निकल नर्सिंग/पशु सहायक, सोल्जर टेक्निकल, सोल्जर ट्रेड मैन, सोल्जर क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल पद के लिए किस्मत आजमाएंगे।
चार अप्रैल को वाराणसी की पिंडरा तहसील और सोनभद्र जिले के अभ्यर्थी भाग लेंगे। इसी तरह पांच को वाराणसी, छह को चंदौली, सात और आठ को जौनपुर, नौ को मिर्जापुर और 10 अप्रैल को संत रविदास नगर जिले के अभ्यर्थी शामिल होंगे। डीएम ने नगर निगम को रैली स्थल पर साफ-सफाई और फागिंग कराने, जलकल विभाग को पानी के सात टैंकरों की व्यवस्था करने को कहा है। एसपी ट्रैफिक को यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज को अभ्यर्थियों के आने-जाने के लिए पर्याप्त बसों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। नगर निगम को मौके पर पर्याप्त साफ-सफाई और फागिंग कराने का निर्देश दिया। बैठक में निदेशक भर्ती कर्नल विनीत प्रभात, एडीएम सिटी विंध्यवासिनी राय, सीआरओ मनीराम आदि शामिल थे।