वाराणसी के राजातालाब के बभनियांव गांव में एक बार फिर बृहस्पतिवार से खुदाई शुरू होगी। बीएचयू के प्राचीन इतिहास, संस्कृ ति एवं पुरातत्व विभाग की टीम को यहां गुप्तकाल से कुषाणकाल तक के कई अहम पुरावशेष मिलने की संभावना है। साथ ही चंदौली जिले के माटी गांव में भी 15 मार्च से खुदाई कराए जाने की तैयारी है।
विज्ञापन
विभागाध्यक्ष प्रो ओएन सिंह के निर्देशन में 26 फरवरी से ही बभनियांव में खुदाई का काम चल रहा है। अब तक यहां गुप्ताकालीन मूर्तियां, मिट्टी के बर्तन और बस्ती के निशान मिल चुके हैं। मंदिर और दीवार भी मिल चुकी है। शुंग और कुषाणकालीन फर्श भी मिला था।
होली की वजह से 9 से 11 मार्च तक खुदाई का काम रोक दिया गया था जो 12 मार्च से फिर शुरू होगा। प्रो ओएन सिंह ने बताया कि बभनियांव में तीन जगहों पर खुदाई चल रही है। यहां अभी कई और पुरावशेष मिलने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि चंदौली जिले के माटी गांव में 15 मार्च से खुदाई का काम शुरू हो जाएगा। 14 मार्च तक यहां सभी जरूरी सामान भी पहुंच जाएगा। पिछले दिनों हुए सर्वेक्षण के दौरान यहां प्राचीन कालीन मंदिर, मूर्तियां मिलने की संभावना जताई गई थी।